Home उत्तराखंड रामकथा के मंच से सपा पर बरसे सीएम योगी, बोले- रामभक्तों पर...

रामकथा के मंच से सपा पर बरसे सीएम योगी, बोले- रामभक्तों पर गोली चलाने वालों को जनता ने दिखाया आईना

0
14

रामकथा के मंच से सपा पर बरसे सीएम योगी, बोले- रामभक्तों पर गोली चलाने वालों को जनता ने दिखाया आईना

पीलीभीत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को पीलीभीत के नूरानपुर मठ में आयोजित श्रीराम कथा महोत्सव के मंच से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने राम मंदिर निर्माण और रामभक्तों के सम्मान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पहले अयोध्या जाने वाले रामभक्तों पर गोलियां चलती थीं, श्रद्धालुओं पर लाठियां बरसाई जाती थीं। आज उन्हीं रामभक्तों पर फूल बरसाए जा रहे हैं। भगवान राम को काल्पनिक बताने वालों को जनता ने इतिहास के कूड़ेदान में डाल दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलला को टेंट से निकालकर भव्य मंदिर में विराजमान कराया गया है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और भारत के सांस्कृतिक स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक संप्रभुता का प्रतीक है।

सीएम योगी ने कहा कि पहले धार्मिक प्रतीकों और आस्था के केंद्रों की उपेक्षा की जाती थी। आज सनातन संस्कृति का गौरव पूरी दुनिया में बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने रामकथा मंच से कथावाचक अंजनी महाराज को सम्मानित किया। नूरानपुर मठ में आयोजित रामकथा का आयोजन महंत हनुमान नाथ की ओर से ब्रह्मलीन महंत योगी शांतिनाथ जी महाराज की पुण्य स्मृति में कराया जा रहा है।

राजू दास ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना

कार्यक्रम में पहुंचे अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश यादव की तुलना कालनेमि से करते हुए कहा कि सपा का सनातन धर्म और संस्कृति से कोई सरोकार नहीं है। राजू दास ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में सपा 30 सीटों से अधिक नहीं जीत पाएगी और आने वाले चुनाव में पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति, हिंदू और हिंदुत्व के साथ चलने वाले ही देश और प्रदेश पर राज करेंगे। राजू दास ने बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने भगवान की लीला का वर्णन विनोद भाव में किया था। देवी-देवताओं पर सवाल उठाने वालों को उन्होंने मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया।

संतों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में एनएसजी कमांडो सहित विभिन्न जिलों से आए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई।

कार्यक्रम में हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास, राज्य मंत्री बलदेव सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, एमएलसी सुधीर गुप्ता, विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, विधायक बाबूराम पासवान, विधायक विवेक वर्मा और राज्य मंत्री संजय गंगवार सहित कई जनप्रतिनिधि और संत मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here