Home मध्य प्रदेश धार में अग्रसेन जयंती महोत्सव की धूम: : ‘रंगीला गुजराती जलसो’ में...

धार में अग्रसेन जयंती महोत्सव की धूम: : ‘रंगीला गुजराती जलसो’ में बिखरे संस्कृति के रंग

0

धार में अग्रसेन जयंती महोत्सव की धूम: : ‘रंगीला गुजराती जलसो’ में बिखरे संस्कृति के रंग,
पारंपरिक परिधानों में महिलाओं ने किया गरबा, रात को समाजजनों ने देखी ‘दृश्यम’ फिल्म

धार। महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के पावन अवसर पर धार शहर में अग्रवाल समाज द्वारा भव्य उत्सव अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमय वातावरण में मनाया जा रहा है। अग्रवाल समाज धार के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में आयोजित हो रहे इस महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को समाज की महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए एक बेहद भव्य और आकर्षक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिससे पूरा पंडाल उत्साह के रंग में सराबोर नजर आया।

महिलाओं का लेडीज फन फेयर ‘रंगीला गुजराती जलसो’ रहा मुख्य आकर्षण

महोत्सव के तहत बुधवार को अग्रवाल समाज की मातृशक्ति यानी अग्रवाल महिला मंडल, अग्रोहा क्रिएटिव ग्रुप एवं अग्रवाल सखी समिति के संयुक्त तत्वावधान में महिलाओं के लिए एक विशेष लेडीज फन फेयर ‘रंगीला गुजराती जलसो’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज की महिलाओं और बालिकाओं ने पारंपरिक गुजराती पहनावे में शामिल होकर उत्सव का आनंद लिया। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन सुप्रसिद्ध एंकर प्रयास गोधा ने अपने अनूठे और मनोरंजक अंदाज में किया, जिन्होंने अपनी शानदार प्रस्तुति से समां बांध दिया।

पारम्परिक परिधानों में महिलाओं ने किया गरबा नृत्य

इस उत्सव का मुख्य आकर्षण तब देखने को मिला जब पारंपरिक गुजराती वेशभूषा और आभूषणों से सजी समाज की महिलाओं और युवतियों ने सुप्रसिद्ध गुजराती गीतों पर मंत्रमुग्ध कर देने वाला गरबा नृत्य किया। डांडिया की खनक और थिरकते कदमों के साथ महिलाओं ने पूरे पंडाल को उत्सव के उमंग से भर दिया।

बेस्ट ड्रेसअप और डांडिया सजाओ प्रतियोगिता की रही धूम

इस जलसो के अंतर्गत महिलाओं के लिए ‘बेस्ट ड्रेसअप प्रतियोगिता’ आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं ने आकर्षक पारंपरिक गुजराती परिधानों और आभूषणों का प्रदर्शन कर रैम्प वॉक किया। वहीं, ‘डांडिया सजाओ प्रतियोगिता’ में महिलाओं और युवतियों ने अपनी कलात्मक सोच से बेहद खूबसूरत डांडिया तैयार किए। फन फेयर के दौरान समाज की महिलाओं द्वारा स्वादिष्ट खाने के व्यंजनों के विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए, जहां सभी समाजजनों ने लजीज व्यंजनों का स्वाद लिया।
अग्रवाल समाज के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल ने बताया कि समाज को संगठित करने, आपसी भाईचारा बढ़ाने और महाराजा अग्रसेन जी के समाजवाद के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए इन विभिन्न रचनात्मक और सांस्कृतिक आयोजनों को किया जा रहा है।

शेषनाग टॉकीज में समाजजनों ने देखी ‘दृश्यम’ फिल्म

महोत्सव के इसी क्रम में बुधवार रात्रि को मनोरंजन सत्र का आयोजन हुआ। इसके अंतर्गत अग्रसेन जयंती महोत्सव समिति द्वारा स्थानीय शेषनाग टॉकीज में ‘दृश्यम’ फिल्म का विशेष शो रखा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में अग्रबंधुओं ने सपरिवार उपस्थित होकर फिल्म का आनंद लिया और पारिवारिक मेल-मिलाप बढ़ाया। कार्यक्रम में श्रीअग्रवाल महिला मंडल की मोना लोकेश अग्रवाल, मधु मनीष अग्रवाल,स्मिता सुधीर अग्रवाल, अग्रोहा क्रिएटिव ग्रुप की योगिता शुभम मित्तल, अर्पणा नितेश अग्रवाल,दीप्ति विकास अग्रवाल, श्रीअग्रवाल सखी समिति की नीलू विनय ऐरण, कीर्ति अंशुल अग्रवाल, ममता महेश अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज की महिलाएं एवं बालिका मौजूद थे।

मीडिया प्रभारी श्याम मंगल लेबड़ ने बताया कि शुक्रवार को अग्रवाल बालिका मंडल द्वारा डांस प्रतियोगिता एवं अग्रवाल फ्रेंड्स ग्रुप एवं आप ओर हम ग्रुप द्वारा कोरस बैंड दिल से दिल तक रंगारंग संगीतमय मधुर गीतों की प्रस्तुति देंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version