अन्नदाताओं की समस्याओं का समाधान करें सरकार, अन्यथा होगा कलेक्टर कार्यालय का घेराव: पाचीलाल मेड़ा
राहुल सेन मांडव
मो
धार न्यूज/अन्नदाता किसानों की समस्याओं को लेकर आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्यक एवं धरमपुरी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक श्री पाचीलाल मेड़ा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए किसानों के हित में निर्णायक संघर्ष की चेतावनी दी है।
श्री मेड़ा ने बताया कि 6 अक्टूबर 2026 को उन्होंने कलेक्टर महोदय को पत्र सौंपकर प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करवाने तथा मुख्यमंत्री से सूखा घोषित करने की मांग की थी।
उन्होंने कहा कि आज किसान अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। किसानों को समय पर बिजली नहीं मिल रही, खेतों की बिजली लाइनें काटी जा रही हैं तथा घरेलू और कृषि बिजली कनेक्शनों पर भारी-भरकम बिल दिए जा रहे हैं। बारिश की कमी और फसलों पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव के कारण अन्नदाता आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
श्री मेड़ा ने भाजपा सरकार पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मंचों से किसानों के हितों की बड़ी-बड़ी बातें करने वाली सरकार को धरातल पर भी किसानों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे करवाकर किसानों को उचित राहत दी जाए और सूखे की स्थिति को देखते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
श्री मेड़ा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे अन्नदाता किसानों के साथ कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर किसानों को लेकर मुख्यमंत्री निवास तक जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसानों के अधिकारों, सम्मान और उनकी फसलों के उचित मूल्य की लड़ाई लगातार जारी रहेगी। किसानों को राहत देना सरकार की जिम्मेदारी है, जिससे पीछे नहीं हटा जा सकता।
“अन्नदाता परेशान है, सरकार को जवाब देना होगा। किसानों को राहत दिलाने के लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा।”
