Home मध्य प्रदेश विदिशा पुलिस का “ऑपरेशन क्लीन स्वीप”: राजस्थान से भोपाल और विदिशा तक...

विदिशा पुलिस का “ऑपरेशन क्लीन स्वीप”: राजस्थान से भोपाल और विदिशा तक फैला ड्रग्स का ‘हाई-टेक’ नेटवर्क ध्वस्त

0

विदिशा पुलिस का “ऑपरेशन क्लीन स्वीप”: राजस्थान से भोपाल और विदिशा तक फैला ड्रग्स का ‘हाई-टेक’ नेटवर्क ध्वस्त; 6 तस्कर गिरफ्तार, ₹16.50 लाख का मशरूका जप्त
गंजबासौदा (विदिशा)।
गंजबासौदा शहर पुलिस ने मादक पदार्थों के काले कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” के तहत अब तक की सबसे बड़ी और चौकाने वाली कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई चेन का पर्दाफाश करते हुए 38.56 ग्राम कीमती ब्राउन शुगर, एक ईकोस्पोर्ट कार, मोटरसाइकिल, 5 मोबाइल फोन और 2 इलेक्ट्रॉनिक कांटे जप्त किए हैं। जप्त किए गए कुल मशरूके की अनुमानित कीमत ₹16.50 लाख बताई जा रही है।
PhonePe पर पेमेंट, WhatsApp पर ‘डेड-ड्रॉप’

लोकेशन: ड्रग्स डिलीवरी का अनोखा पैंतरा
पुलिस पड़ताल में इस संगठित गिरोह का जो तरीका सामने आया, उसने जांच एजेंसियों को भी हैरान कर दिया है। पुलिस की नजरों से बचने के लिए गिरोह पूरी तरह से ‘कॉन्टैक्टलेस डिलीवरी’ मॉडल पर काम कर रहा था:
डिजिटल पेमेंट: खरीदारों से PhonePe और अन्य UPI माध्यमों से एडवांस पेमेंट लिया जाता था।
डेड-ड्रॉप तकनीक: पैसे मिलते ही ब्राउन शुगर को शहर के किसी सुनसान या गुप्त स्थान पर छिपा दिया जाता था।
वीडियो क्लिप से डिलीवरी: छिपाए गए स्थान का छोटा सा वीडियो बनाकर ग्राहक को WhatsApp पर भेज दिया जाता था, जिसे देखकर ग्राहक खुद सामान उठा लेता था। इस पूरी प्रक्रिया में डीलर और खरीदार का आमना-सामना तक नहीं होता था।
राजस्थान के झालावाड़ से जुड़ा मुख्य नेटवर्क
विदिशा पुलिस की गहन जांच में सामने आया है कि ड्रग्स की यह खेप सीधे राजस्थान के झालावाड़ से थोक में सप्लाई की जा रही थी। इस थोक सप्लाई नेटवर्क में ललित मीना, रामस्वरूप मीना, मोहन मीना और बालचंद तलवार के नाम सामने आए हैं। राजस्थान से भोपाल और फिर ट्रेन, बस व अन्य साधनों से ब्राउन शुगर को विदिशा जिले में लाकर छोटी-छोटी पुड़ियों में खपाया जा रहा था।
सिलसिलेवार कार्रवाई: ऐसे हत्थे चढ़े आरोपी
गंजबासौदा शहर पुलिस ने 01 अक्टूबर से 02 अक्टूबर के बीच तीन अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर पूरे नेटवर्क की कड़ियों को एक-दूसरे से जोड़ते हुए गिरफ्तारियां कीं:
01 अक्टूबर (दमयंती धर्मकांटा के पास): मोटरसाइकिल से ब्राउन शुगर बेच रहे अनुज दुबे उर्फ अन्नू महाराज (10.80 ग्राम ब्राउन शुगर) और यशवंत रघुवंशी को गिरफ्तार किया गया।
02 अक्टूबर (त्योदा रोड पुलिया): निशानदेही पर मुख्य पैडलर राजा रघुवंशी और विनीता जाटव को ईकोस्पोर्ट कार, 20 ग्राम ब्राउन शुगर और इलेक्ट्रॉनिक कांटे के साथ दबोचा गया।
शिवनगर रेलवे पुलिया व बस स्टैंड: पुलिस ने मोहित उर्फ लड्डू दांगी और न्यू बस स्टैंड रामलीला मैदान के पास से धर्मेन्द्र दांगी (7.70 ग्राम ब्राउन शुगर) को धर दबोचा।
सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी:
अनुज दुबे उर्फ अन्नू महाराज (उम्र 22 वर्ष, निवासी जमनानगर, बासौदा)
यशवंत रघुवंशी (उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम खरपरी)
राजा रघुवंशी (उम्र 26 वर्ष, निवासी धर्मकांटा, बासौदा)
मोहित उर्फ लड्डू दांगी (उम्र 23 वर्ष, निवासी विशम्भरा कॉलोनी, बासौदा)


विनीता जाटव (उम्र 23 वर्ष, निवासी पूरनपुरा, विदिशा)
धर्मेन्द्र दांगी (उम्र 31 वर्ष, निवासी पंचपीर इन्द्रानगर, बासौदा)
आर्थिक कमर तोड़ने की तैयारी: बैंक खाते होंगे फ्रीज
विदिशा पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने साफ किया है कि पुलिस सिर्फ आरोपियों को जेल भेजने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इनके आर्थिक नेटवर्क की रीढ़ तोड़ी जाएगी। नशे के अवैध कारोबार से कमाए गए पैसों जिन बैंक खातों में जमा किए गए हैं, उन्हें फ्रीज करने की वैधानिक कार्रवाई जारी है। आरोपियों के खिलाफ थाना गंजबासौदा में NDPS एक्ट की धारा 8/21 व 29 के तहत अपराध दर्ज किए गए हैं।
एसपी की सख्त चेतावनी व अपील:
“जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नागरिक स्वयं नशे से दूर रहें और यदि आसपास कोई भी नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार करता है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।” – रोहित काशवानी, एसपी विदिशा
विशेष सराहनीय भूमिका:
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में गंजबासौदा शहर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय वेदिया, निरीक्षक मोहरसिंह मंडेलिया, उनि बी.एल. मालवीय, उनि कमलेश सोनकर, सउनि सिद्धांत भदौरिया, प्रआर सुरेश रघुवंशी, प्रआर दिलीप बाथम, आरक्षक सरमन साहू, सतेन्द्र सिंह तोमर, गौरव शर्मा, शिवम परिहार, सुमित अवस्थी, अजय यादव, अभिषेक शुक्ला एवं महिला आरक्षक शिवानी मिश्रा की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्ट: प्रदीप मैथिल, गंजबासौदा (विदिशा, म.प्र.)

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version