पथरी में फायरिंग की घटना का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
अर्जुन धारीवाल
हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र के ग्राम कटारपुर में पुरानी रंजिश के चलते अवैध असलहे से फायरिंग की घटना सामने आई। घटना के संबंध में थाना पथरी पर अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने आरोपित की गिरफ्तारी और घटना के अनावरण के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने जांच के दौरान घटना में नामजद आरोपी अर्जुन पुत्र सुरेन्द्र निवासी ग्राम कटारपुर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिछले साल विक्की व उसके साथियों ने उस पर फायरिंग की थी, जिसका मुकदमा कोर्ट में विचाराधीन है। इसी रंजिश के चलते उसने विक्की पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। फायरिंग के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने खुद ही 112 पर कॉल कर विक्की द्वारा उस पर फायरिंग करने की झूठी सूचना दे दी।
पथरी पुलिस ने गुमराह करने की कोशिश को नाकाम करते हुए साक्ष्य संकलित कर मामले का सही खुलासा किया। आरोपी का चालान कर दिया गया है।
