सांसद इकरा हसन को पुलिस ने सहारनपुर जाने से रोका, खूब हुए तर्क-वितर्क
कैराना। सहारनपुर में मस्जिद से जुड़े प्रकरण को लेकर अधिकारियों से मुलाकात करने जा रही कैराना सांसद इकरा हसन को कैराना पुलिस ने देर रात हाउस अरेस्ट कर दिया। सांसद के आवास पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
कैराना लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद इकरा हसन की सहारनपुर पहुंचकर मस्जिद प्रकरण के संबंध में संबंधित अधिकारियों से मुलाकात करने की तैयारी थी। इसकी जानकारी मिलते ही शुक्रवार रात्रि कोतवाली पुलिस की टीम प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में कस्बे के पुराना बाईपास पर स्थित सांसद आवास पर पहुंची। जहां पर पुलिस टीम ने इकरा हसन को हाउस अरेस्ट कर दिया। सांसद को सहारनपुर जाने से रोकने के लिए भारी पुलिस बल उनके आवास पर तैनात किया गया है, जिसमें महिला अधिकारी भी शामिल है। पुलिस की तैनाती के चलते सांसद सहारनपुर के लिए रवाना नहीं हो सकी। शनिवार को दिनभर उनके आवास के आसपास पुलिस की मौजूदगी बनी रही। वहीं, कैराना सांसद इकरा हसन का कहना है कि वह सहारनपुर कलक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण से जुड़े मामले में अधिकारियों से वार्ता के लिए जाना चाह रही थी, परन्तु पुलिस ने उन्हें वहां नही जाने दिया। इस तरीके से लोकतंत्र में किसी भी जनप्रतिनिधि को हाउस अरेस्ट करके उसकी आवाज को नही दबाया जा सकता है। वह मस्जिद से जुड़े मुद्दे को लेकर ऊपरी अदालतों में जाएंगे। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सांसद को सहारनपुर जाने से रोका गया है।
सांसद-पुलिस की वार्ता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
शुक्रवार रात्रि से ही सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस एवं सांसद इकरा हसन के मध्य वार्ता हो रही है। वीडियो में पूर्व सांसद तबस्सुम हसन भी दिखाई दी रही है। वह भी पुलिस से उनकी सांसद पुत्री को सहारनपुर जाने से रोकने के कारणों की बाबत सवाल पूछ रही है। वीडियों में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार, महिला थाना प्रभारी ललिता कुमारी, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी पिंकी गोस्वामी कार में बैठी सांसद इकरा हसन से बात करते नजर आ रहे है, जिसमें वह कानून-व्यवस्था एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व होने दृष्टिगत सहारनपुर न जाने के लिए विनम्रतापूर्वक आग्रह करते हुए सुनाई दे रहे है। हालांकि गाड़ी में बैठी सांसद भी चेहरे पर मुस्कुराहट के साथ में पुलिस अधिकारियों से तर्क-वितर्क करते हुए दिखाई दे रही है। वीडियों में कैराना कोतवाली पर तैनात कई पुलिस अधिकारी सांसद की कार के सामने खड़े हुए है। वहीं, सांसद के कई समर्थक भी गाड़ी के अंदर व बाहर खड़े दिख रहे है।
सचित्र…


