CJP नेता सौरव दास के खिलाफ लुकआउट नोटिस: सरकार बोली- पासपोर्ट पर पिता के नाम का कॉलम खाली, जन्मस्थान-पते में भी फर्क

0
2

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक और प्रवक्ता सौरव दास के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। केंद्र सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान यह जानकारी दी। मुंबई पुलिस के अनुरोध पर जारी इस लुकआउट नोटिस के चलते उन्हें विदेश यात्रा करने से रोका गया है।

केंद्र सरकार की ओर से अदालत में पेश हुए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) चेतन शर्मा ने बताया कि सौरव दास के पासपोर्ट और अन्य पहचान दस्तावेजों में कई गंभीर विसंगतियां पाई गई हैं। सरकार के मुताबिक, पासपोर्ट आवेदन में पिता के नाम का कॉलम खाली छोड़ा गया है। इसके अलावा उनकी स्कूली शिक्षा, जन्मस्थान और पते से जुड़े रिकॉर्ड में भी विरोधाभास है—कुछ दस्तावेजों में उनका पता दिल्ली का दर्ज है, तो कुछ अन्य में पुडुचेरी लिखा हुआ है। सरकार ने अदालत में तर्क दिया कि दस्तावेजों में मौजूद इन गड़बड़ियों का सीधा असर उनकी भारतीय नागरिकता की जांच पर भी पड़ सकता है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिली रिपोर्ट के आधार पर चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) ने 23 नवंबर को सौरव दास को ईमेल के जरिए कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसमें उनसे 30 नवंबर तक स्पष्टीकरण मांगा गया था और जवाब दाखिल होने तक पासपोर्ट का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई थी। इसके ठीक बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से पहले इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया।

दूसरी ओर, सौरव दास ने इस कार्रवाई के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उनके वकील ने अदालत में दलील दी कि एयरपोर्ट पर रोकते समय अधिकारियों ने उन्हें न तो कोई लिखित आदेश दिखाया और न ही लुकआउट नोटिस की कोई पूर्व जानकारी दी गई थी। दास का कहना है कि उनका पासपोर्ट वर्ष 2019 में जारी हुआ था और वे ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी समेत ब्रिटेन के शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेने जा रहे थे।

दिल्ली हाईकोर्ट ने इस याचिका पर केंद्र सरकार, गृह मंत्रालय और पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। मामले की अगली सुनवाई 9 दिसंबर को तय की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here