इंदौर: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से पहचान छिपाकर युवती से दोस्ती करने और फिर उससे मिलने पहुंचने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का रहने वाला एक युवक ऑनलाइन ऐप पर अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर राजस्थान की युवती से बातचीत कर रहा था। जब वह इंदौर में युवती से मिलने पहुंचा, तो हिंदूवादी संगठन बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
ऑनलाइन ऐप पर ‘रोहित’ बनकर की दोस्ती
जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान गाजियाबाद निवासी अनस खान के रूप में हुई है। अनस ने एक ऑनलाइन सोशल मीडिया/डेटिंग ऐप पर खुद का फर्जी नाम ‘रोहित’ बताकर राजस्थान के श्रीगंगानगर की रहने वाली एक युवती से संपर्क साधा था। युवती फिलहाल इंदौर के गौरी नगर इलाके में अपनी बहन के घर रह रही है और यहां एक ब्यूटी पार्लर का कोर्स कर रही है। दोनों के बीच काफी समय से ऐप पर बातचीत चल रही थी और युवती उसे रोहित ही समझ रही थी।
होटल के पास मिलने बुलाया, बातचीत में खुला राज
सोमवार शाम को अनस खान गाजियाबाद से सफर तय कर इंदौर पहुंचा और उसने युवती को मुलाकात के लिए विजयनगर थाना क्षेत्र के मेरियट होटल के पास बुलाया। दोनों जब वहां बातचीत कर रहे थे, तभी बातों-बातों में युवक की असली पहचान अनस खान के रूप में सामने आई। इसी दौरान बजरंग दल के स्थानीय कार्यकर्ताओं को गुप्त सूचना मिली कि कोई युवक अपनी असली पहचान छिपाकर एक युवती के साथ घूम रहा है।
कार्यकर्ताओं ने की पूछताछ, पुलिस ने लिया हिरासत में
सूचना मिलते ही बजरंग दल के विभाग संयोजक प्रवीण देअकर के नेतृत्व में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और संदिग्ध युवक को घेरकर पूछताछ शुरू कर दी। जब कार्यकर्ताओं ने कड़ाई से पूछताछ की और उसके दस्तावेज जांचे, तो युवक ने कबूल किया कि उसका असली नाम अनस खान है।
सच्चाई सामने आते ही कार्यकर्ताओं ने तुरंत विजयनगर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी और आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी युवक को हिरासत में लेकर उसके इरादों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है, और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उस पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
