Home मध्य प्रदेश इंदौर के नामचीन गरबा पंडाल में बवाल: बीजेपी नेता ने 15 साल...

इंदौर के नामचीन गरबा पंडाल में बवाल: बीजेपी नेता ने 15 साल की किशोरी को दी बेरहमी से धक्का, वीडियो हुआ वायरल

0

इंदौर के नामचीन गरबा पंडाल में बवाल: बीजेपी नेता ने 15 साल की किशोरी को दी बेरहमी से धक्का, वीडियो हुआ वायरल

इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के एक विख्यात गरबा उत्सव में उस समय हड़कंप मच गया जब भारतीय जनता पार्टी के एक स्थानीय पदाधिकारी द्वारा एक नाबालिग लड़की और उसके परिवार के साथ सरेआम बदसलूकी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया. गरबा पंडाल में हुई इस धक्का-मुक्की का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसके बाद से शहर का सियासी पारा चढ़ गया है.

यह पूरी घटना इंदौर के पूर्वी क्षेत्र में स्थित माता कनकेश्वरी गरबा पंडाल की बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आए वीडियो के मुताबिक, एक 15 वर्षीय किशोरी अपने परिवार के साथ गरबा खेलने के इरादे से पंडाल पहुंची थी. एंट्री गेट पर तैनात वालंटियर्स और सुरक्षाकर्मियों ने किसी कारणवश उसे अंदर जाने से रोक दिया, जिसके बाद प्रवेश को लेकर परिजनों और आयोजन समिति के सदस्यों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई.

बैरिकेडिंग फांदकर आया नेता, बांह पकड़कर दूर फेंका
विवाद बढ़ता देख वहां मौजूद राजमाता जीजाबाई मंडल के बीजेपी अध्यक्ष कमल चौहान अचानक उग्र हो गए. वीडियो साक्ष्य में स्पष्ट दिख रहा है कि वह सुरक्षा के लिए लगाई गई लोहे की बैरिकेडिंग को लांघकर आए और बिना किसी हिचकिचाहट के नाबालिग लड़की की बांह पकड़ ली. लड़की लगातार ‘मुझे हाथ मत लगाओ’ कहती रही, लेकिन नेता ने उसकी एक न सुनी और उसे 3 से 4 बार बेरहमी से झटका देते हुए करीब 5 से 10 फीट दूर धकेल दिया.

इतना ही नहीं, जब किशोरी के माता-पिता और रिश्तेदारों ने इस दुर्व्यवहार का विरोध किया, तो नेताजी ने उनके साथ भी जमकर गाली-गलौज और अभद्रता की. मौके पर खड़े कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने की कोशिश भी की, लेकिन सत्ता के नशे में चूर पदाधिकारी लगातार धमकियां देता रहा. पीड़िता ने इस अमानवीय कृत्य पर कड़ा ऐतराज जताते हुए पुलिस प्रशासन से शिकायत करने की बात कही है.

कांग्रेस ने खोला मोर्चा, बर्खास्तगी और कानूनी कार्रवाई की मांग
घटना का वीडियो सार्वजनिक होते ही मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी को आड़े हाथों लिया है. मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया ने इंदौर भाजपा महानगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा को घेरते हुए सवाल दागे हैं. उन्होंने पूछा कि क्या पार्टी अपनी इस बेटियों की सुरक्षा के बड़े-बड़े दावों के बीच इस मंडल अध्यक्ष को तुरंत पद से बर्खास्त करेगी?

कांग्रेस प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा पंडालों में छोटी बच्चियों को नसीहतें देकर सिर्फ डर का माहौल बनाती है, लेकिन अपनी ही पार्टी के नेताओं की गुंडागर्दी पर मौन साध लेती है. कांग्रेस ने इंदौर पुलिस कमिश्नर से इस वीडियो साक्ष्य को आधार बनाकर आरोपी नेता के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी मुकदमा दर्ज करने की मांग की है. फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम पर बीजेपी के वरिष्ठ नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version