Home मध्य प्रदेश इंदौर में अड़ीबाजी का खौफनाक रूप: मुफ्त मोमोज और शराब के पैसे...

इंदौर में अड़ीबाजी का खौफनाक रूप: मुफ्त मोमोज और शराब के पैसे न मिलने पर बदमाशों ने दुकानदार पर उड़ेला उबलता तेल, बचाने आए युवक को भी घोप दिया चाकू

0

इंदौर में अड़ीबाजी का खौफनाक रूप: मुफ्त मोमोज और शराब के पैसे न मिलने पर बदमाशों ने दुकानदार पर उड़ेला उबलता तेल, बचाने आए युवक को भी घोप दिया चाकू

इंदौर (बजरंग नगर): इंदौर के बजरंग नगर इलाके में बुधवार रात बदमाशों की गुंडागर्दी और अड़ीबाजी का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ कुछ बेखौफ बदमाशों ने एक मोमोज दुकानदार से पहले मुफ्त में सामान मांगा और फिर शराब पीने के लिए जबरन रुपयों की मांग करने लगे। जब दुकानदार ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो बदमाशों ने विवाद करते हुए दुकान पर रखी कढ़ाई का खौलता हुआ तेल सीधे दुकानदार के ऊपर फेंक दिया। खौलते तेल की वजह से दुकानदार बुरी तरह झुलस गया।

इस दौरान दुकान से आ रही चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोस में रहने वाला एक युवक दुकानदार को बचाने के लिए आगे आया, तो बदमाशों ने उस पर भी जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने बीच-बचाव करने आए युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देकर जब आरोपी वहाँ से भागने की कोशिश कर रहे थे, तब आस-पास मौजूद स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाई और घेराबंदी करके एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसके अन्य साथी भागने में सफल रहे।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस ने दोनों घायल युवकों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया है, जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी निशानदेही पर फरार चल रहे बाकी तीन बदमाशों की तलाश में अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।


NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version