Home मध्य प्रदेश विश्व धरोहर सप्ताह के तहत मांडू में होंगे विविध आयोजन, इंदौर से...

विश्व धरोहर सप्ताह के तहत मांडू में होंगे विविध आयोजन, इंदौर से बाइकर्स रैली पहुंचेगी

0

विश्व धरोहर सप्ताह के तहत मांडू में होंगे विविध आयोजन, इंदौर से बाइकर्स रैली पहुंचेगी

19 से 25 नवंबर तक ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, पर्यटन एवं जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां होंगी आयोजित

राहुल सेन मांडव
मो

धार न्यूज। विश्व धरोहरों के संरक्षण, उनके ऐतिहासिक महत्व के प्रति जनजागरूकता एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में 19 से 25 नवंबर 2026 तक विश्व धरोहर सप्ताह मनाया जाएगा। कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना के मार्गदर्शन में जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद धार द्वारा सप्ताहभर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आयोजनों में विशेष रूप से मांडू की ऐतिहासिक धरोहरों को केंद्र में रखा जाएगा।
परिषद के नोडल अधिकारी श्री प्रवीण शर्मा ने बताया कि सप्ताह के दौरान ऐतिहासिक स्थलों के प्रचार-प्रसार, युवाओं की भागीदारी, रचनात्मक प्रतियोगिताओं एवं पर्यटन संबंधी गतिविधियों के माध्यम से जिले की समृद्ध विरासत को जनसामान्य तक पहुंचाया जाएगा।

इंदौर से बाइकर्स ग्रुप पहुंचेगा मांडू

विश्व धरोहर सप्ताह के अंतर्गत इंदौर से बाइकर्स ग्रुप धार जिले के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल मांडू पहुंचेगा। इस गतिविधि के माध्यम से युवाओं को इतिहास, स्थापत्य कला एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ मांडू के पर्यटन महत्व का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। प्रतिभागी मांडू की ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन भी करेंगे।

चित्रकला, फोटोग्राफी एवं स्केच प्रतियोगिताएं होंगी

सप्ताह के दौरान ऐतिहासिक स्मारकों पर आधारित चित्रकला, फोटोग्राफी एवं स्केच प्रतियोगिताओं का आयोजन भी प्रस्तावित है। इनमें प्रतिभागी अपनी रचनात्मकता के माध्यम से जिले की ऐतिहासिक विरासत, स्थापत्य कला एवं प्राकृतिक परिवेश को प्रस्तुत करेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया जाएगा।

इतिहासकारों के साथ कार्यशाला और स्वच्छता अभियान

धरोहरों के ऐतिहासिक महत्व एवं संरक्षण की आवश्यकता को लेकर इतिहासकारों तथा पुरातत्वविदों के साथ कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें ऐतिहासिक स्थलों के इतिहास, स्थापत्य विशेषताओं एवं संरक्षण से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। इसके अतिरिक्त साइकिल रैली, स्मारकों के आसपास स्वच्छता अभियान तथा स्वयंसेवी संस्थाओं की सहभागिता से जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
विश्व धरोहर सप्ताह के आयोजन जिले की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, पर्यटन को प्रोत्साहन देने तथा स्थानीय नागरिकों और युवाओं को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ने का अवसर प्रदान करेंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version