सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से आज नई दिल्ली में की भेंट
टीही – धार रेल मार्ग के लोकार्पण हेतु किया आमंत्रित
धार की धरती पर दौड़ेगी यात्री ट्रेन, शीघ्र शुरू होगा रेल परिचालन
आदिवासी अंचल में रेल सुविधाओं के विस्तार सहित तीन महत्वपूर्ण मांगें रखीं
राहुल सेन मांडव
मो
धार/ नई दिल्ली। धार-महू लोकसभा क्षेत्र के लिए रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि की दिशा में पहल करते हुए केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं धार-महू सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी से सौजन्य भेंट की।
इस दौरान लोकसभा क्षेत्र के धार में शीघ्र रेल परिचालन आरंभ किए जाने की मांग के साथ लोकार्पण हेतु आमंत्रित किया है । इसके साथ ही रेल सुविधाओं के विस्तार, यात्री सेवाओं की शुरुआत एवं आदिवासी अंचल को बेहतर रेल कनेक्टिविटी से जोड़ने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
श्रीमती ठाकुर ने रेल मंत्री जी से आग्रह किया कि टीही–धार रेल मार्ग का शीघ्र लोकार्पण कर धार में प्रथम यात्री रेल सेवा प्रारंभ की जाए। आजादी के बाद पहली बार धार की धरती पर यात्री रेल का संचालन शुरू होना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। इससे धार जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, श्रमिकों एवं आसपास के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही औद्योगिक विकास, व्यापार और रोजगार के नए अवसरों को भी गति मिलेगी। उन्होंने माननीय रेल मंत्री जी को धार आकर रेल मार्ग के लोकार्पण एवं प्रथम यात्री रेल सेवा के शुभारंभ हेतु आमंत्रित किया है।
इसके अतिरिक्त रीवा–इंदौर/डॉ. अंबेडकर नगर (महू) एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 11703) के समय में परिवर्तन कर प्रतिदिन संचालन सुनिश्चित करने तथा प्रतापनगर–जोबट पैसेंजर ट्रेन (59123/59124) का टांडा रोड रेलवे स्टेशन तक विस्तार किये जाने का भी आग्रह किया।
श्रीमती ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश के दूरस्थ, जनजातीय एवं आदिवासी अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए रेल अधोसंरचना का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। धार-महू क्षेत्र में भी रेल सुविधाओं का विस्तार इसी संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी ने सभी विषयों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। शीघ्र ही धार में यात्री रेल सेवा प्रारंभ होने की दिशा में क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी आकांक्षा को नई गति मिलने की उम्मीद है।
