मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। चिचोली थाना क्षेत्र के राजा बैठक ढाना गांव में बुधवार को शराब की लत छुड़वाने के नाम पर एक कथित बाबा द्वारा पिलाया गया जड़ी-बूटियों का काढ़ा सात युवकों के लिए जानलेवा साबित हुआ। इस जहरीले घोल को पीने से 2 युवकों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत पाठाखेड़ा के राजा बैठक ढाना गांव में शराब छुड़वाने का दावा करने वाले कथित बाबाओं के पास करीब 400 लोग पहुंचे थे। यहां आरोपियों ने महज 100 रुपए में 3 गिलास जड़ी-बूटी का लाल रंग का संदिग्ध काढ़ा पिलाया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत पाठाखेड़ा के राजा बैठक ढाना गांव में शराब छुड़वाने का दावा करने वाले कथित बाबाओं के पास करीब 400 लोग पहुंचे थे। यहां आरोपियों ने महज 100 रुपए में 3 गिलास जड़ी-बूटी का लाल रंग का संदिग्ध काढ़ा पिलाया।
काढ़ा पीते ही सात युवकों को तेज चक्कर आने लगे और उल्टियां शुरू हो गईं। देखते ही देखते सभी युवक बेहोश होने लगे, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सभी प्रभावितों को आनन-फानन में चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
मृतकों और घायलों की पहचान:
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक 35 वर्षीय युवक शामिल है जो आठनेर थाना क्षेत्र के देहगुड़ गांव का रहने वाला था, और दूसरा 22 वर्षीय युवक चिचोली क्षेत्र का निवासी था।
वहीं, काढ़ा पीने से बीमार हुए अन्य पांच पीड़ित अस्पताल में उपचाराधीन हैं। इनमें से दो व्यक्तियों की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस की कार्रवाई:
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने इस मामले में शराब छुड़वाने के नाम पर संदिग्ध दवा पिलाने वाले तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
