नाराज फूफा’ जैसा है विपक्ष का हाल, PM मोदी ने ‘गरीबी हटाओ’ के खोखले नारे को हकीकत में बदला: नितिन नवीन
नई दिल्ली:
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नीतिगत फैसलों की जमकर सराहना की और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन (7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री बनने से लेकर अब तक) के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक महीने के देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की आधिकारिक घोषणा की।
नितिन नवीन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि “पिछले 25 साल में प्रधानमंत्री ने ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ के मंत्र पर काम किया। मोदी ने शुरुआत में जो लक्ष्य तय किए, उन्हें संकल्प बनाया और उन्हें उपलब्धियों में बदला।” 7 अक्टूबर 2026 को पीएम मोदी के इस ऐतिहासिक नेतृत्व सफर के 25 साल पूरे हो रहे हैं, जिसे लेकर भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देश भर में सेवा कार्य करेगी।
विपक्ष की तुलना ‘नाराज फूफा’ से की
नितिन नवीन ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए उनकी तुलना शादी-ब्याह में रूठने वाले ‘नाराज फूफा’ से कर दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं के बीच विपक्षी नेताओं के लिए जिस शब्द का इस्तेमाल किया, वह बिल्कुल सटीक है। विपक्ष का हाल आज ऐसा हो गया है कि वे भारत के विकास, इसकी विरासत और संस्कृति को आगे बढ़ते हुए देख ही नहीं पा रहे हैं, क्योंकि वे केवल अपने निजी स्वार्थ में डूबे हैं।
‘गरीबी हटाओ’ के नारे को किया हकीकत में तब्दील
विपक्ष की बेचैनी पर तंज कसते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “मैं विपक्ष के साथियों से पूछना चाहता हूं कि आखिर भारत आज विकास कर रहा है, तो वे नाराज हैं… जिस नारे के साथ वे लोग इतने दिनों तक सत्ता में रहे, आज उस नारे को अगर सही रूप से पूरा किया गया और 25 करोड़ परिवारों के गरीब लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाने का काम यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किया, लेकिन वे इस पर भी नाराज हैं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि मोदी सरकार के मजबूत संकल्प के कारण ही देश के 25 करोड़ परिवार गरीबी के दुष्चक्र से बाहर आए हैं।
धारा 370 का खात्मा और नक्सलमुक्त भारत
देश की आंतरिक सुरक्षा और राष्ट्रीय गौरव का जिक्र करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि जब जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को निरस्त कर लाल चौक पर तिरंगा फहराया जाता है और देश से नक्सलवाद-माओवाद को जड़ से समाप्त किया जा रहा है, तो विपक्ष को इस पर भी घोर आपत्ति होती है। आज सरकार के ठोस कदमों के कारण देश पूरी तरह से सुरक्षित और मजबूत हुआ है।
‘फ्रैजाइल फाइव’ से सबसे तेजी से बढ़ती इकोनॉमी का सफर
वर्ष 2014 से पहले के दौर को याद करते हुए भाजपा प्रमुख ने कहा कि पहले देश नीतिगत पंगुता और अंधकार के दौर से गुजर रहा था, जिसके कारण भारत को दुनिया की ‘फ्रैजाइल फाइव’ (Fragile Five) अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के आर्थिक सुधारों की बदौलत आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बन चुका है।
युवा बने ‘जॉब सीकर’ से ‘जॉब गिवर’
नितिन नवीन ने कहा कि एक समय देश का युवा घोर निराशा के वातावरण में था, लेकिन पीएम मोदी ने उन्हें इस माहौल से बाहर निकाला है। आज का भारतीय युवा केवल नौकरी ढूंढने वाला नहीं रह गया है, बल्कि स्टार्टअप और यूनिकॉर्न के बल पर ‘जॉब गिवर’ (नौकरी देने वाला) बनकर उभरा है। इसी का परिणाम है कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप नेशन बन चुका है।
भाजपा इस एक महीने के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, देश के आर्थिक विकास और सांस्कृतिक गौरव के संदेश को जन-जन तक ले जाएगी।
