Home मध्य प्रदेश रायसेन जिला जेल में सनसनीखेज वारदात: हत्या के आरोपी कैदी ने जेल...

रायसेन जिला जेल में सनसनीखेज वारदात: हत्या के आरोपी कैदी ने जेल प्रहरी को मारी गोली, भागने का प्रयास नाकाम

0

रायसेन जिला जेल में सनसनीखेज वारदात: हत्या के आरोपी कैदी ने जेल प्रहरी को मारी गोली, भागने का प्रयास नाकाम

रायसेन (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के रायसेन जिला जेल में बुधवार सुबह एक बड़ी वारदात सामने आई है। जेल में बंद हत्या के एक विचाराधीन कैदी ने मुख्य गेट पर तैनात जेल प्रहरी पर अवैध देसी कट्टे से गोली चला दी। गोलीबारी की इस घटना में जेल प्रहरी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें नाजुक हालत में भोपाल एम्स रेफर किया गया है।

फल लेने के बहाने गेट पर आया था आरोपी
मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार को रायसेन जिला जेल में स्कूली बच्चों का एक कार्यक्रम होना था। इसी कार्यक्रम के सिलसिले में जब मुख्य गेट पर फलों की टोकरी आई, तो बरेली क्षेत्र का रहने वाला आरोपी कैदी नीलेश निर्वेदी फल उठाने के बहाने गेट के पास पहुंचा। जैसे ही जेल का मुख्य गेट खुला, उसने वहां तैनात जेल प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर पर अचानक गोली चला दी। गोली सीधे प्रहरी के कमर के नीचे जा धंसी।

प्रहरी भोपाल रेफर, कैदी दोबारा दबोचा गया
गोली लगते ही जेल परिसर में हड़कंप मच गया और प्रहरी तोमर लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। इस बीच आरोपी कैदी नीलेश ने जेल का गेट खुला देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद अन्य जेल प्रहरियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। घायल प्रहरी को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी चिंताजनक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भोपाल रेफर कर दिया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
इस वारदात ने जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि कड़े पहरे और सघन तलाशी के बावजूद जेल के भीतर कैदी के पास अवैध देसी कट्टा और कारतूस कैसे पहुंचे? घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।


NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version