अर्जुन धारीवाल
रुड़की। रुड़की से एम्स ऋषिकेश जाने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए राहत भरी खबर है। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा के निर्देश पर रुड़की से एम्स ऋषिकेश तक सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
अभी तक रुड़की से एम्स ऋषिकेश के लिए कोई सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं है। इसके कारण मरीजों और उनके साथ जाने वाले परिजनों को हरिद्वार या ऋषिकेश पहुंचने के बाद ई-रिक्शा, ऑटो-टेंपो या अन्य निजी साधनों का सहारा लेना पड़ता है। इससे उन्हें समय और अतिरिक्त किराया दोनों का नुकसान उठाना पड़ता है।
सीधी बस सेवा शुरू होने से एम्स में इलाज, नियमित जांच और फॉलोअप के लिए जाने वाले मरीजों को कम खर्च में सीधी और सुविधाजनक यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।
परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने रोडवेज अधिकारियों को इस रूट पर बस संचालन के निर्देश दिए हैं। रोडवेज जीएम अमित सैनी के अनुसार फिलहाल एक बस चलाने की योजना है। यह बस सुबह रुड़की से ऋषिकेश के लिए रवाना होगी और दोपहर बाद एम्स ऋषिकेश से वापस रुड़की लौटेगी।
इस सेवा के शुरू होने से रुड़की के साथ-साथ मंगलौर, झबरेड़ा, भगवानपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से एम्स जाने वाले सैकड़ों मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा।
