सरदारपुर
सरदारपुर से दशरथ पाटीदार
जयंती धाम स्थित उंडवा नदी में नहाने गया युवक डूबा, मौत
सरदारपुर। समीप के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल जयंती धाम स्थित उंडवा नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान चिराखान निवासी दुर्गेश (27 वर्ष) पिता विष्णु पाटीदार के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्गेश आज दोपहर करीब 12 बजे अपने साथियों के साथ उंडवा नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान काफी देर तक दुर्गेश नजर नहीं आने पर साथियों ने उसकी खोजबीन की और ग्रामीणों व पुलिस को लापता होने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही दसई चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक चले सर्च अभियान के बाद युवक को डेम के अंदर से खोज निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि दुर्गेश अपने घर का इकलौता वारिस था। हादसे की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। जलझूलनी एकादशी होने के कारण जयंती धाम पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी, घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे गांव में मातम पसर गया।
इस संबंध में अमझेरा थाना प्रभारी श्री राजू मकवाना ने बताया कि लापता युवक की तलाश कर शव को नदी से बाहर निकाला गया है और पोस्टमार्टम के लिए अमझेरा स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
