रुड़की में एआरटीओ प्रवर्तन टीम की बड़ी कार्रवाई, 18 जुगाड़ वाहनों को गैस कटर से काटकर किया नष्ट
अर्जुन धारीवाल
रुड़की। क्षेत्र में लगातार कार्रवाई और सड़कों पर जुगाड़ वाहनों का संचालन बंद करने के निर्देशों के बावजूद अवैध संचालन जारी रहने पर आरटीओ प्रवर्तन टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने विशेष अभियान चलाकर 18 जुगाड़ वाहनों को मौके पर ही गैस कटर से कटवाकर नष्ट कर दिया।
बताया गया कि आरटीओ विभाग की ओर से पूर्व में भी जुगाड़ वाहन संचालकों को सड़कों पर वाहन न चलाने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद कई स्थानों पर इनका संचालन जारी रहा, जिसके बाद विभाग ने सख्त प्रवर्तन कार्रवाई का निर्णय लिया।
कार्रवाई के दौरान एआरटीओ प्रवर्तन कृष्ण चंद्र पलाड़िया के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और वाहनों को दोबारा सड़क पर न आ सकें, इसके लिए उन्हें मौके पर ही गैस कटर से कटवाकर उनके संचालन की संभावना पूरी तरह समाप्त कर दी गई।
इस कार्रवाई में हरीश रावल, राकेश थपलियाल, विजेंद्र प्रसाद, सहायक परिवहन निरीक्षक सोनू कटारिया, परिवहन आरक्षी विकास, सोहेब, अरुण, नीलम एवं वी. नेगी सहित विभागीय कर्मचारी शामिल रहे।
वहीं, कार्रवाई के बाद जुगाड़ वाहन संचालकों के सामने रोजगार का संकट खड़ा होने की बात भी सामने आ रही है। प्रभावित लोगों का कहना है कि वे इन्हीं वाहनों के माध्यम से अपनी आजीविका चला रहे थे। अब वाहनों के नष्ट होने के बाद उनके सामने रोजी-रोटी का सवाल खड़ा हो गया है। हालांकि परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा और नियमों के अनुपालन को लेकर यह कार्रवाई जरूरी बताई गई है।
