Home उत्तराखंड रुड़की में सड़क निर्माण में आधुनिक तकनीक दिल्ली से मंगाई गई कोल्ड...

रुड़की में सड़क निर्माण में आधुनिक तकनीक दिल्ली से मंगाई गई कोल्ड मिलिंग मशीन, जलभराव से मिलेगी राहत – मंत्री प्रदीप बत्रा

0

रुड़की में सड़क निर्माण में आधुनिक तकनीक दिल्ली से मंगाई गई कोल्ड मिलिंग मशीन, जलभराव से मिलेगी राहत – मंत्री प्रदीप बत्रा

अर्जुन धारीवाल
रुड़की। रुड़की विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने एक महत्वपूर्ण पहल की है।

सिविल लाइंस क्षेत्र में जलभराव और बार-बार सड़क की ऊंचाई बढ़ने से होने वाली समस्याओं से निजात दिलाने के उद्देश्य से दिल्ली से विशेष रूप से अत्याधुनिक कोल्ड मिलिंग मशीन (Cold Milling Machine) मंगवाई गई है। इस आधुनिक मशीन के माध्यम से पुरानी सड़क की परत को निर्धारित लेवल के अनुसार हटाया जाएगा, जिससे सड़क की ऊंचाई नियंत्रित रखने और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने इस पहल की जानकारी साझा करते हुए बताया कि अब रुड़की विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से कराए जाएंगे। कोल्ड मिलिंग मशीन सड़क की पुरानी सतह को सटीक स्तर तक काटने में सक्षम है। इससे सड़क पर अनावश्यक परतें चढ़ने से रोका जा सकेगा और घरों, दुकानों तथा आसपास के क्षेत्रों के सड़क से नीचे हो जाने जैसी समस्याओं को नियंत्रित करने में सहायता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सड़कों का निर्माण केवल उनकी सतह को नया बनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि सड़क का सही लेवल और जल निकासी की उचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। आधुनिक मशीन के इस्तेमाल से निर्माण कार्यों में तकनीकी सटीकता आएगी और क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

प्रदीप बत्रा ने इस विकास पहल को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आधुनिक भारत के विजन और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन से जोड़ते हुए कहा कि रुड़की में विकास कार्यों को नई तकनीक के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उनका उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना और नागरिकों को जलभराव तथा सड़क के स्तर से जुड़ी समस्याओं से राहत दिलाना है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version