( संवाददाता प्रफुल्ल तंवर )
जबलपुर के संजीवनी नगर क्षेत्र में तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने बच्चों से भरी स्कूल वैन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद वैन पलट गई। वैन में करीब 20 बच्चे सवार थे, जिनमें 11 के घायल होने की जानकारी है। सभी घायल बच्चों को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
एनटीवी टाइम न्यूज जबलपुर/ जबलपुर में गुरुवार को स्कूल से घर लौट रहे बच्चों से भरी वैन हादसे का शिकार हो गई। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के सुभाष नगर पुरवा में तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने स्कूल वैन को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन सड़क पर पलट गई। हादसे में 11 बच्चों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
पीछे से कार ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के मुताबिक, ब्रिटिश स्कूल में पढ़ने वाले करीब 20 बच्चे स्कूल वैन से अपने घर जा रहे थे। वैन धनवंतरी नगर चौक की तरफ से गुजर रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार अर्टिगा कार आई और वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद वैन के शीशे टूट गए। बताया जा रहा है कि वैन पलटने के दौरान दो बच्चे बाहर भी गिर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
11 बच्चों को आई गंभीर चोट
हादसे में वैन में सवार बच्चों में से 11 के घायल होने की बात सामने आई है। इनमें कई बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से घायल बच्चों को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल बच्चों की स्थिति को लेकर डॉक्टरों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
टक्कर के बाद कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसे में अर्टिगा कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह टूट गया। हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार काफी तेज रफ्तार में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ, इसकी सही जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे पुलिस जांच के हिस्से के तौर पर देख रही है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और कार चालक की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल घायल बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है।
