बैतूल सिंचाई, सड़क, उद्योग और पर्यटन सहित हर क्षेत्र में बनेगा अग्रणी : विधायक श्री खंडेलवाल
बडोरा मंडी से तितली चौराहा तक 1.5 किमी सड़क का शिलान्यास, 6.91 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण
मंडी में किसानों को मिलेगी जाम से राहत, ट्रॉली से सीधे तुलाई और उसी दिन भुगतान की व्यवस्था लागू करने के निर्देश
अन्नदाता किसानों का हित सर्वोपरि
बैतूल बडोरा कृषि उपज मंडी में लगातार बढ़ती कृषि उपज की आवक और वाहनों के दबाव से उत्पन्न जाम की समस्या से अब किसानों एवं आम नागरिकों को राहत मिलेगी। प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने शनिवार को बडोरा मंडी से तितली चौराहा तक लगभग 1.5 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। लगभग 6.91 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क सीधे नेशनल हाईवे 47 से जुड़ेगी। इससे मंडी में आने-जाने वाले किसानों, व्यापारियों और मालवाहक वाहनों को शहर के भीतर से गुजरने की आवश्यकता नहीं होगी तथा बडोरा में लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। बडोरा मंडी में आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि बैतूल जिले को सिंचाई, सड़क, उद्योग, पर्यटन और खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी बनेगा। जिले में कृषि उत्पादन और सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ रहा है। इसके साथ ही मंडी में अनाज की आवक भी बढ़ी है। वर्ष 2021 में मंडी में लगभग 48 लाख क्विंटल अनाज की आवक होती थी, जो अब बढ़कर 58 लाख क्विंटल हो गई है। पांच वर्षों में लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि के चलते वर्तमान मंडी में जगह की कमी और यातायात का दबाव बढ़ा है। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए मंडी को हाईवे से जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए मार्ग में आने वाले किसानों ने स्वेच्छा से अपनी जमीन देने की सहमति दी है तथा किसी प्रकार का मुआवजा नहीं लेने की सहमति भी दी है। किसानों के इस सहयोग से ही सड़क निर्माण का रास्ता प्रशस्त हुआ है। लगभग 30 से 40 फीट चौड़ी यह सड़क आगामी तीन से चार माह में तैयार करने का लक्ष्य है। इससे मंडी के आसपास ट्रकों की कतारों और यातायात के दबाव को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी तथा किसानों को अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचने में परेशानी नहीं होगी।
मंडी में किसानों के हित सर्वोपरि, उसी दिन भुगतान के निर्देश विधायक श्री खंडेलवाल ने मंडी में किसानों की सुविधाओं और तुलाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसानों की उपज का एक रुपये का भी नुकसान नहीं होना चाहिए। किसानों को उनकी उपज का भुगतान उसी दिन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने व्यापारियों से आपसी सहयोग के साथ इस व्यवस्था को लागू करने का आग्रह किया। साथ ही हमाल बंधुओं से निर्धारित दर पर ही तुलाई करने और किसानों से किसी भी प्रकार की अनियमित वसूली नहीं होने के निर्देश मंडी प्रशासन को दिए। उन्होंने मंडी प्रशासन एवं एसडीएम को निर्देश दिए कि फर्श पर उपज के ढेर लगाकर तुलाई करने के स्थान पर सीधे ट्रॉली से तुलाई की व्यवस्था लागू करने की संभावनाओं पर तत्काल अमल किया जाए। स्वचालित तुलाई मशीन की व्यवस्था का परीक्षण कराने की बात भी कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंडी विस्तार के लिए अतिरिक्त जमीन की तलाश विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि बढ़ती कृषि उपज और सब्जी उत्पादन को देखते हुए मंडी के विस्तार की आवश्यकता है। इसके लिए लगभग 20 एकड़ अतिरिक्त जमीन तलाश की जा रही है। जमीन उपलब्ध होने पर गल्ला मंडी को शहर के बाहर स्थानांतरित करने अथवा पूरी मंडी को व्यवस्थित रूप से बाहर शिफ्ट करने पर निर्णय लिया जाएगा।
सिंचाई और कृषि आधारित उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि जिले में पहले सिंचाई के सीमित साधन थे, लेकिन अब पारसडोह, घोगरी, मेंढा, वर्धा, गढ़ा और निर्गुड सहित विभिन्न परियोजनाओं से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हुआ है। लिफ्ट इरिगेशन तकनीक के माध्यम से भी ऐसे क्षेत्रों तक पानी पहुंचाने के प्रयास किए गए हैं, जहां भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सिंचाई परियोजनाएं बनाना चुनौतीपूर्ण था। इससे कृषि उत्पादन, सब्जी उत्पादन, मत्स्य पालन और पशुपालन को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बैतूल में कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना की व्यापक संभावनाएं हैं। जिले में शुगर मिलों और अन्य कृषि आधारित संयंत्रों का विस्तार हुआ है। आने वाले वर्षों में नए उद्योगों को आकर्षित करने के लिए लगभग एक हजार एकड़ भूमि की आवश्यकता का अध्ययन किया गया है। इसके लिए वन भूमि से जुड़ी कानूनी बाधाओं का समाधान खोजने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिले के विकास के लिए उद्योगों को आवश्यक भूमि उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है।
पर्यटन और स्थानीय युवाओं के रोजगार पर भी जोर विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि बैतूल में पर्यटन विकास की भी अपार संभावनाएं हैं। ताप्ती क्षेत्र के जंगलों में कंजर्वेशन फॉरेस्ट विकसित करने की पहल की गई है। इसके लिए 45 लाख रुपये की लागत से प्रवेश द्वार, सड़क एवं अन्य प्रारंभिक सुविधाओं के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इसके अतिरिक्त लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से बटरफ्लाई पार्क विकसित किया जाएगा। इससे जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर निर्मित होंगे।
उन्होंने बताया कि स्थानीय युवाओं को पर्यटन से जुड़े रोजगारों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के सहयोग से कालापाठा में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। इसमें युवाओं को गाइड, ड्राइविंग, कंप्यूटर संचालन और इलेक्ट्रिशियन जैसे कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि बडोरा अब तेजी से विकसित हो रहा है। हमारा लक्ष्य बैतूल को कृषि, उद्योग, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में विकसित जिले के रूप में स्थापित करना है। कार्यक्रम में जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य श्री सुधाकर पवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे, श्री अशोक पांसे, श्री अतीत पवार, श्री महेश्वर सिंह चंदेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान एवं व्यापारीगण उपस्थित रहे।





