ज्योति कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन, विद्यार्थियों को दिलाई एकता की शपथ
बरेली। ज्योति कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट साइंस एंड टेक्नोलॉजी में शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्य डॉ. अनीता चौहान ने सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व, कृतित्व और देश की एकता एवं अखंडता के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने राष्ट्रीय एकता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
महाविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने एक भारत श्रेष्ठ भारत विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए जाति, धर्म और भाषा से ऊपर उठकर आपसी भाईचारे और सद्भाव को बढ़ावा देना जरूरी है।
इस दौरान ब्रजेश कुमार सिंह ने राष्ट्र के एकीकरण में सरदार पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में एचओडी हिमांशु गंगवार सहित महाविद्यालय के सभी विभागों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन ब्रजेश कुमार ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक डी.डी. शर्मा भी उपस्थित रहे।


