Home उत्तराखंड हरिद्वार में नियम तोड़ने वालों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 69 चालान,...

हरिद्वार में नियम तोड़ने वालों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 69 चालान, 9 वाहन सीज

0

हरिद्वार में नियम तोड़ने वालों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 69 चालान, 9 वाहन सीज

ओवरलोडिंग, बिना परमिट संचालन और यातायात नियमों की अनदेखी पर सख्ती; डीएम के निर्देश पर जिलेभर में चला सघन चेकिंग अभियान।

अर्जुन धारीवाल
हरिद्वार। त्योहारी सीजन में बढ़ती भीड़ और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर 69 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 9 वाहनों को सीज किया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत श्यामपुर, ऋषिकुल, जगजीतपुर, मिस्सरपुर, देवपुरा और सिडकुल सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की जांच की गई। इस दौरान मालवाहक वाहनों, बसों, मोटर कैब, ई-रिक्शा, तिपहिया और दोपहिया वाहनों को चेक किया गया। अधिकारियों ने वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों, परमिट, बीमा और अन्य परिवहन नियमों के अनुपालन की जांच की।

ओवरलोडिंग और बिना परमिट संचालन पर कार्रवाई

चेकिंग अभियान के दौरान मालवाहक वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक माल ढोने, यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने, बिना वैध परमिट वाहन संचालित करने और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने के मामले सामने आए। इसके अलावा मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ढोने तथा चेकिंग के लिए रुकने का संकेत देने के बावजूद वाहन नहीं रोकने वाले चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

विभाग ने बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा और आवश्यक दस्तावेजों के वाहन चलाने वालों पर भी शिकंजा कसा। गलत लेन में वाहन चलाने, नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने तथा नंबर प्लेट और रिफ्लेक्टर से संबंधित अनियमितताओं को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि यातायात और परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील

परिवहन विभाग ने त्योहारी सीजन में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा कि मालवाहक वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक माल न ढोएं और यात्री वाहन तय सीमा से अधिक सवारियां न बैठाएं। सभी चालक अपने वाहन के आवश्यक दस्तावेज वैध रखें तथा सड़क पर निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें।

विभाग ने चेकिंग के दौरान अधिकारियों को सहयोग देने की भी अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से नियमों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों को चेताया है कि नियमों की अनदेखी करने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version