रुड़की में धूमधाम से मनाया जाएगा श्री श्याम मित्र मंडल का 34वां वार्षिकोत्सव, दो दिवसीय श्याम महोत्सव की तैयारियां पूरी
अर्जुन धारीवाल
रुड़की। श्री श्याम मित्र मंडल समिति की ओर से 34वां वार्षिकोत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाले दो दिवसीय श्याम महोत्सव के दौरान 30 नवंबर को भव्य श्याम ध्वज यात्रा निकाली जाएगी। इसी दिन शाम को 12 कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। वहीं, एक दिसंबर को विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें देश के प्रसिद्ध भजन गायक बाबा श्याम का गुणगान करेंगे।
रुड़की टॉकीज चौक के समीप स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के संरक्षक एवं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि समिति प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी श्याम महोत्सव का आयोजन कर रही है। इसका उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सरोकारों को भी बढ़ावा देना है।
समिति के अध्यक्ष राहुल बंसल ने बताया कि एक दिसंबर को आयोजित होने वाली भव्य भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक बृजराज सिंह, अनुष्का और अधिष्ठा के साथ स्थानीय कलाकार दिनेश बजरंगी भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा दिल्ली का शिवम म्यूजिकल ग्रुप भी अपनी प्रस्तुति देगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष विशेष रूप से खाटू श्याम मंदिर की तर्ज पर बाबा का भव्य दरबार सजाया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं को उसी तरह दर्शन करने का अवसर मिलेगा। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
मंडल अध्यक्ष राहुल बंसल, मंडल सचिव एवं कार्यक्रम संयोजक अंकुर गोयल, संरक्षक प्रदीप बत्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता, सहसचिव योगेश गोयल, वरिष्ठ सदस्य संदीप अग्रवाल, सहसंयोजक सचिन बंसल, उपाध्यक्ष मनीष प्रकाश, संरक्षक अनिल अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नितिन गोयल, सचिन शर्मा और उपाध्यक्ष शुभम गोयल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
