सहारनपुर: कलेक्ट्रेट में ढहाई गई मस्जिद के मलबे से निकला 20 फीट गहरा प्राचीन कुआं, जांच करेगी ASI की टीम
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। कलेक्ट्रेट परिसर में कोर्ट के आदेश के बाद जमींदोज की गई मस्जिद का मलबा हटाते समय जमीन के भीतर एक प्राचीन कुआं मिला है। इस खुलासे के बाद प्रशासनिक अमले से लेकर आम जनता के बीच हड़कंप मच गया है। मामले की संवेदनशीलता और इसके ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए अब प्रशासन ने इस पूरे ढांचे की जांच ASI (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) से कराने का फैसला लिया है।
पोकलेन भी नहीं तोड़ पाई भारी स्लैब, कटर से काटा गया
मिली जानकारी के मुताबिक, कलेक्ट्रेट परिसर में बनी इस मस्जिद को प्रशासनिक कार्रवाई के तहत शनिवार को भारी सुरक्षा के बीच गिराने की कार्रवाई की गई थी। रविवार को जब प्रशासन की टीमें मौके से जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से मलबे की सफाई कर रही थीं, तब जमीन में एक बेहद मजबूत कंक्रीट का स्लैब (लिंटर) दिखाई दिया।
यह स्लैब इतना मजबूत था कि भारी-भरकम पोकलेन मशीन भी इसे तोड़ नहीं सकी। आखिरकार प्रशासन ने कटर मशीनों का इस्तेमाल कर जब उस स्लैब को काटा, तो उसके नीचे ईंटों से बनी एक गहरी और पुरानी संरचना दिखाई दी, जो कि एक प्राचीन कुआं है।
20 फीट गहरा और सवा मीटर चौड़ा है कुआं
शुरुआती जांच में इस कुएं की चौड़ाई लगभग एक से सवा मीटर और गहराई करीब 20 फीट मापी गई है। कुएं के निचले हिस्से में मिट्टी दबी हुई है। प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि मस्जिद का निर्माण इसी कुएं को पाटकर (ढककर) इसके ऊपर किया गया था। इस खुलासे के बाद से ही इलाके में तरह-तरह के कयास और इसके इतिहास को लेकर कई सवाल खड़े होने लगे हैं।
अब ASI और सर्वे ऑफ इंडिया करेगी जांच
मौके पर पहुंचे सहारनपुर सदर के एसडीएम सुबोध कुमार ने बताया कि यह संरचना प्राचीन ईंटों से बनी हुई है। इस ढांचे के वास्तविक इतिहास, इसके निर्माण काल और प्राचीनता का सटीक पता लगाने के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) और सर्वे ऑफ इंडिया की विशेषज्ञ टीमों को पत्र भेजा जा रहा है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विशेषज्ञों की जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर प्रशासन आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। फिलहाल सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और कुएं को अस्थायी रूप से सुरक्षित ढक दिया गया है।


