Home उत्तराखंड रुड़की: एसडीएम चौक पर किसान महापंचायत में गरजे किसान, गन्ना भुगतान न...

रुड़की: एसडीएम चौक पर किसान महापंचायत में गरजे किसान, गन्ना भुगतान न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

0

रुड़की: एसडीएम चौक पर किसान महापंचायत में गरजे किसान, गन्ना भुगतान न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

अर्जुन धारीवाल
रुड़की। उत्तराखंड किसान मोर्चा के बैनर तले बुधवार को एसडीएम चौक पर विशाल किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में जिले भर से पहुंचे किसानों ने गन्ना भुगतान, स्मार्ट मीटर, बिजली विभाग की छापेमारी, सिंचाई, चकबंदी, सड़क निर्माण और एचआरडीए से जुड़ी समस्याओं को लेकर अधिकारियों को घेरा।

मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड ने कहा कि मोर्चा पिछले 62 दिनों से तहसील में धरना दे रहा है। डीएम से लेकर सीएम और गन्ना मंत्री तक से मिल चुके हैं, सिर्फ आश्वासन मिला, समाधान नहीं। चीनी मिल और सरकार की मिलीभगत से किसानों का करोड़ों का भुगतान अटका है। भुगतान लेकर रहेंगे, चाहे कितना बड़ा आंदोलन करना पड़े।

गुलशन रोड ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग गरीब किसानों के घर छापेमारी कर मनमाना ओवरलोड दिखाकर मुकदमे दर्ज करता है, जबकि बड़े उद्योगपतियों पर कोई कार्रवाई नहीं। उन्होंने मांग की कि छापेमारी की वीडियोग्राफी जरूरी हो और यूपी की तर्ज पर ट्यूबवेल की बिजली फ्री की जाए। किसानों ने 3 साल से स्मार्ट मीटर का विरोध बताया, जिस पर SE ने कहा कोई प्रीपेड मीटर नहीं लगाया जा रहा। सिंचाई के मुद्दे पर दीपावली से पहले सभी नहरों, राजवाहों और नालों की सफाई की मांग उठी।

गुलशन रोड ने हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि आपसी रंजिश में शिकायत कराकर कार्रवाई कराई जाती है। 1000 वर्गफुट तक के मकानों के नक्शे की अनिवार्यता खत्म करने की मांग की। साथ ही मंत्री रेखा आर्य के पति के संपत्ति वाले बयान का जिक्र कर सभी मंत्रियों की संपत्ति जांच की मांग

पीडब्ल्यूडी द्वारा अब्दुल कलाम चौक से कोर तक बन रहे फोरलेन के साथ नाला न बनाने पर निर्माण रोकने की चेतावनी दी। इस पर AE दीपा सिंह ने नाला बनाने का आश्वासन दिया।

अधिकारियों का आश्वासन –
गन्ना अधिकारी ने बताया कि मिल की नीलामी के लिए राष्ट्रीय शुगर बोर्ड को 1.65 लाख रुपये जमा कर मूल्यांकन कराया जाएगा, रिपोर्ट 2 हफ्ते में आएगी। भगवानपुर SDM देवेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि मिल की भूमि को सर्किल रेट नहीं, बाजार मूल्य पर बेचने पर विचार हो रहा है, एक हफ्ते में मूल्यांकन कराएंगे। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने कहा प्रशासन चाहता है मिल दोबारा चले।

महापंचायत में ADM जितेंद्र कुमार, SP देहात अभय सिंह, SE संदीप चौधरी, तहसीलदार विकास अवस्थी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। संचालन दीपक पुंडीर ने किया।

अंत में निर्णय लिया गया कि मिल की भूमि का मूल्यांकन होने तक तहसील पर 62 दिन से चल रहा धरना जारी रहेगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version