हरिद्वार में राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज, 11 स्थानों पर एक साथ हुआ आपदा प्रबंधन का अभ्यास
अर्जुन धारीवाल
हरिद्वार। जनपद में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से शनिवार को आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जा रही है।
उत्तराखंड शासन के निर्देशों तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में यह अभ्यास जनपद के 11 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ संचालित किया जा रहा है।
मॉक एक्सरसाइज के दौरान बाढ़, भगदड़, अग्निकांड, भूकंप और सड़क दुर्घटना जैसी आपातकालीन परिस्थितियों की काल्पनिक घटनाएं तैयार कर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जा रहा है। इसके माध्यम से प्रशासन और संबंधित विभागों की तत्परता, उपलब्ध संसाधनों, आपसी समन्वय तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने की क्षमता का आकलन किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला आपदा परिचालन केंद्र हरिद्वार से सुबह 9:35 बजे सूचना प्राप्त हुई कि जनपद के कई क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। सूचना के अनुसार राजकीय इंटर कॉलेज, बीएचईएल हरिद्वार में भूकंप के कारण विद्यालय की छत गिरने तथा कुछ बच्चों के मलबे में दबे होने की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आपदा प्रबंधन एवं राहत-बचाव टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर संबंधित विभागों द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जा रहा है।
प्रशासन का उद्देश्य इस अभ्यास के माध्यम से किसी भी वास्तविक आपदा के समय जान-माल के नुकसान को कम करना और प्रभावित लोगों तक समय रहते राहत पहुंचाना है। मॉक एक्सरसाइज के जरिए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आपातकालीन परिस्थितियों में सभी विभाग पूरी तत्परता और आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
महत्वपूर्ण अपील –
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल मॉक एक्सरसाइज यानी पूर्वाभ्यास है, वास्तविक आपदा की घटना नहीं है। आमजन घबराएं नहीं, सभी सुरक्षित हैं।
