कुर्सियां खाली, जिम्मेदार नदारद… चपरासी के भरोसे ग्राम पंचायत कटंगी!

0
3

ग्रामीणों की सुनने वाला कोई नहीं, पंचायत में सचिव-कर्मचारी नदारद, व्यवस्था पर उठे सवाल

शहपुरा- जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत कटंगी में पंचायत सचिव एवं अन्य कर्मचारियों की अनुपस्थिति का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत कार्यालय तो खुलता है, लेकिन यहां पदस्थ सचिव और संबंधित कर्मचारी अक्सर नदारद रहते हैं। इसके चलते पंचायत संबंधी कार्यों के लिए आने वाले ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मामले की पड़ताल करने जब मीडिया की टीम ग्राम पंचायत कटंगी पहुंची तो वहां की स्थिति ग्रामीणों द्वारा बताई गई जानकारी के अनुरूप नजर आई। दोपहर लगभग 12:30 बजे पंचायत कार्यालय में सचिव एवं अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद नहीं थे। कार्यालय में जिम्मेदारों की कुर्सियां खाली नजर आईं। ऐसे में पंचायत का कामकाज चपरासी के भरोसे संचालित होता दिखाई दिया।
इस दौरान ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं साझा करते हुए बताया कि पंचायत कार्यालय में जिम्मेदार कर्मचारियों के नहीं मिलने से उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार पंचायत के चक्कर लगाने पड़ते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब पंचायत में सचिव और अन्य कर्मचारी ही उपलब्ध नहीं रहेंगे तो आम लोगों के काम कैसे होंगे?

सचिव का पक्ष नहीं मिला

इस संबंध में जब ग्राम पंचायत कटंगी के सचिव अशोक तिवारी से उनका पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया। इसके चलते इस मामले में उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। अब सवाल यह उठता है कि पंचायत कार्यालय में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी है? क्या संबंधित अधिकारियों द्वारा पंचायतों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है? ग्रामीणों ने जनपद पंचायत के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर पंचायत में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की है।

रिपोर्ट लीलाराम साहू डिंडोरी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here