दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ‘साइबर स्लेवरी’ (साइबर गुलामी) और मानव तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-136 स्थित एक कमर्शियल टावर की छठी मंजिल पर चल रहे फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारकर 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया है। छुड़ाए गए लोगों में 92 इंडोनेशियाई और 72 मलेशियाई नागरिक शामिल हैं।
कैसे फंसाते थे जाल में?
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य इंडोनेशिया और मलेशिया के युवाओं को भारत में आईटी सेक्टर में अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी का लालच देकर बुलाते थे। भारत पहुंचने के बाद आरोपियों द्वारा इन सभी के पासपोर्ट जब्त कर लिए जाते थे और उन्हें बंधक बना लिया जाता था।
महिलाओं की फर्जी आईडी से कराते थे ठगी
आरोपियों ने इन विदेशी नागरिकों को नोएडा के सेक्टर-126 स्थित एक पीजी (PG) में रखा था, जहां से रोजाना करीब 40 कैब के जरिए इन्हें कॉल सेंटर लाया और ले जाया जाता था। कॉल सेंटर में इन्हें लिखित स्क्रिप्ट दी जाती थी। इन्हें सोशल मीडिया पर महिलाओं की फर्जी प्रोफाइल बनाकर अपने ही देश (मलेशिया और इंडोनेशिया) के लोगों से दोस्ती करने और फिर फर्जी ट्रेडिंग व निवेश ऐप्स के जरिए मोटी रकम ठगने के लिए मजबूर किया जाता था। काम से मना करने पर इनके साथ मारपीट की जाती थी।
एक ईमेल से खुला पूरे सिंडिकेट का राज
इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश तब हुआ जब मलेशिया से लाया गया एक 42 वर्षीय नागरिक पासपोर्ट मांगे जाने पर शक होने के कारण वहां से भाग निकलने में कामयाब रहा। उसने पहले मलेशियाई दूतावास से संपर्क किया और फिर दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच को ईमेल भेजकर इस गिरोह की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने रेकी कर छापेमारी की।
मौके से भारी मात्रा में सामान बरामद, एक गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 174 पासपोर्ट, 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 26 लैपटॉप और 53 सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस ने सिंडिकेट के एक मुख्य आरोपी, 25 वर्षीय मलेशियाई नागरिक तान गुआन वेई (Tan Guan Wei) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो फरार भारतीय आरोपियों—सुनील कुमार और सुशील भाटी की तलाश जारी है। वहीं, पीजी संचालक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
मुक्त कराए गए सभी विदेशी नागरिकों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें सुरक्षित वतन वापसी के लिए विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) और विदेश मंत्रालय को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।





