
बीसलपुर। बीसलपुर-बिलसंडा मार्ग पर मानपुर पुल के पास धान से भरी कार की टक्कर से सांड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साइकिल सवार 65 वर्षीय बुजुर्ग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर दियोरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।जानकारी के अनुसार, सादिया लाडपुर गांव निवासी रामबहादुर पुत्र देवीदयाल सब्जी खरीदने के लिए मानपुर पुल के पास बाजार आए थे।
वह बाजार से सब्जी खरीदने के बाद अपनी साइकिल लेकर सड़क के दूसरी ओर जा रहे थे। इसी दौरान अठाना की तरफ से धान की बोरियों से भरी मारुति कार गुरुद्वारा फरीदपुर की ओर जा रही थी।
मानपुर पुल के निकट कार की चपेट में साइकिल सवार रामबहादुर आ गए। हादसे के दौरान सांड भी कार के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।टक्कर लगने से रामबहादुर सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
उनके अनुसार, हादसे में उनकी पसलियों और पैरों में चोटें आई हैं। दुर्घटनाग्रस्त कार में चमकौर सिंह (30) पुत्र हरचंद सिंह और गुरमेश सिंह सवार थे। कार धान की बोरियों से भरी हुई थी। वाहन का पंजीकरण नंबर यूपी 25 बीटी 2913 बताया गया है। चमकौर सिंह कार चला रहे थे।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
स्थानीय लोगों ने घायल बुजुर्ग की स्थिति के बारे में जानकारी ली। इसके बाद दियोरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। हादसे के कारण मार्ग पर कुछ समय तक लोगों की आवाजाही भी प्रभावित रही।



