पिरान कलियर: दरगाह के आवासीय भवन में LIU ऑफिस की छत गिरी, कर्मी बाल-बाल बचा
अर्जुन धारीवाल
पिरान कलियर। दरगाह के आवासीय भवन में चल रहे LIU कार्यालय की छत का एक हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया। हादसे के दौरान कार्यालय में मौजूद LIU कर्मी बाल-बाल बच गया। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई फरियादी मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार कोतवाली पिरान कलियर के बराबर में दरगाह के आवासीय भवन बने हैं। इनमें कुछ कमरों का इस्तेमाल पुलिस कर्मियों के रहने, डाकघर और अन्य कार्यों के लिए किया जा रहा है। इन्हीं कमरों में एक LIU कार्यालय भी संचालित है। मंगलवार को अचानक कार्यालय की छत का हिस्सा टूटकर नीचे गिरा।
छत का हिस्सा गिरने से भवन की हालत और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। कार्यालय में रोजाना कर्मचारियों के साथ फरियादियों का भी आना-जाना रहता है।
बताते चलें कि हाल ही में धनौरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज की इमारत का हिस्सा गिरने से एक PAC जवान की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद जर्जर भवनों की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग भवन की जांच कर मरम्मत के लिए कोई कदम उठाता है या नहीं।


