विशेष संवाददाता, मुंबई
मुंबई। महानगर में जारी मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर तबाही मचाई है। कुर्ला (पश्चिम) स्थित चिराग नगर के गाउशिया चाल इलाके में बुधवार तड़के भारी भूस्खलन (लैंडस्लाइड) होने से पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा सीधे रिहायशी मकानों पर गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 से 8 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।
तड़के 3:45 बजे हुआ हादसा
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, हादसा सुबह लगभग 3:48 बजे हुआ, जब लोग अपने घरों में सो रहे थे। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक खिसककर चाल के 2-3 कमरों पर आ गिरा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग राहत कार्य में जुटे और पुलिस तथा दमकल विभाग को सूचना दी।
युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, बीएमसी (BMC) की टीम और एनडीआरएफ (NDRF) के जवान भारी उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। मलबे से निकालकर अस्पताल ले जाए गए दो लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों का इलाज कुर्ला के भाभा अस्पताल में जारी है। संकरी गलियां होने के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आसपास के मकान खाली कराए गए
बीएमसी अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर पहाड़ी के ढलान पर बने अन्य खतरनाक मकानों को तुरंत खाली करा लिया है। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। मौसम विभाग ने शहर में भारी बारिश का अलर्ट जारी रखा है, जिससे प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।


