अंकिता भंडारी के चरित्र हनन के विरोध में ज्वालापुर में जोरदार प्रदर्शन, हेमा भंडारी सहित कई हिरासत में
अर्जुन धारीवाल
हरिद्वार। आर्य नगर चौक, ज्वालापुर में बुधवार को अंकिता भंडारी के चरित्र हनन के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन जन अधिकार पार्टी जनशक्ति की राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी के नेतृत्व में हुआ, जिसमें यूकेडी एवं यूकेडी (डेमोक्रेटिक) के पदाधिकारी भी शामिल रहे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विनोद आर्य द्वारा की गई प्रेस वार्ता में अंकिता भंडारी के चरित्र हनन का प्रयास किया गया, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने “अंकिता को न्याय दो – चरित्र हनन बंद करो” के नारे लगाए।
प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि अंकिता मामले में दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो और मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच हो।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा हेमा भंडारी सहित यूकेडी के पदाधिकारियों को हिरासत में लिया गया। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।
इस अवसर पर हेमा भंडारी ने कहा कि ये लड़ाई किसी पार्टी की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की है। उन्होंने कहा कि उनका प्रदर्शन सिर्फ विनोद आर्य के घर के घेराव का था। उन्होंने सवाल उठाया कि अपने बेटे पुलकित आर्य की निजी वार्ता को सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड बेटी के चरित्र हनन को बर्दाश्त नहीं करेगा और बेटी के सम्मान और न्याय की मांग जारी रहेगा।





