( संवाददाता प्रफुल्ल तंवर )
महू नाका और बिलावली घाटी में 1200 एमएम लाइन के वाल्व व लीकेज सुधार का काम; अन्नपूर्णा, लोकमान्य नगर, सदर बाजार समेत कई इलाकों में टैंकरों से होगी वैकल्पिक सप्लाई
एनटीवी टाइम न्यूज इंदौर/ शहर में 26 अगस्त को कई इलाकों में पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। नर्मदा जलप्रदाय से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए 25 अगस्त को 24 घंटे का शटडाउन लिया जाएगा। इस दौरान महू नाका क्षेत्र में 1200 एमएम की लाइन का वाल्व बदलने के साथ बिलावली घाटी में 1200 एमएम की पाइपलाइन में लीकेज सुधार का काम किया जाएगा। इसके चलते 26 अगस्त को शहर की करीब 20 टंकियों से पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी।
महू नाका में बदला जाएगा 1200 एमएम का वाल्व
जलप्रदाय विभाग के अधिकारियों के मुताबिक शटडाउन के दौरान सबसे पहले महू नाका क्षेत्र में 1200 एमएम लाइन के खराब वाल्व को बदलने का काम किया जाएगा। यह कार्य लंबे समय से लंबित था। वाल्व बदलने के कारण जोन क्रमांक 12 की डायरेक्ट जलप्रदाय व्यवस्था भी प्रभावित होगी।
बिलावली घाटी में लीकेज सुधार का काम
शटडाउन के दौरान बिलावली घाटी क्षेत्र में 1200 एमएम की पाइपलाइन में लीकेज सुधार का कार्य भी किया जाएगा। इसके साथ ही राजेंद्र नगर के नीचे पुरानी लाइन में लीकेज सुधार, लीकेज कनेक्शन और आवश्यक स्थानों पर वाल्व लगाने का काम किया जाएगा। निगम का कहना है कि इन कार्यों को एक साथ पूरा करने के लिए 24 घंटे का शटडाउन लिया जा रहा है।
20 टंकियों से प्रभावित होगी पानी की सप्लाई
शटडाउन के चलते 26 अगस्त को शहर की करीब 20 टंकियों से पानी का वितरण पूरी तरह प्रभावित रहेगा। इसका असर कई क्षेत्रों में पड़ सकता है। त्योहार के दौरान पानी की जरूरत को देखते हुए निगम ने प्रभावित इलाकों में टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाने की योजना बनाई है। हालांकि निगम द्वारा पहले किराए पर लिए गए टैंकर बंद किए जा चुके हैं, ऐसे में जरूरत के अनुसार उपलब्ध संसाधनों से वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।
इन इलाकों में रहेगा असर
पानी की सप्लाई प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में अन्नपूर्णा, सुदामा नगर, छत्रीबाग, राजमोहल्ला, द्रविड़ नगर, लोकमान्य नगर, महाराणा प्रताप नगर, नवलखा, अग्रबत्ती कॉम्प्लेक्स, कुशवाह मोहल्ला, तिगरी, बद्रीनाथ, सुभाष चौक, सदर बाजार, जीसी हाट मैदान, गांधी हॉल, भक्त प्रहलाद नगर, एमओजी लाइन और जयहिंद नगर सहित आसपास के अन्य क्षेत्र शामिल हैं।
निगम ने लोगों से पानी सहेजकर रखने की अपील की
शटडाउन के कारण एक दिन पानी की सप्लाई प्रभावित होने से बड़ी संख्या में लोगों को परेशानी हो सकती है। निगम ने प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक जल व्यवस्था करने की बात कही है। वहीं, लोगों से भी अपील की गई है कि 25 अगस्त को शटडाउन से पहले आवश्यक मात्रा में पानी सहेजकर रखें, ताकि 26 अगस्त को होने वाली परेशानी से बचा जा सके।


