मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया निःशुल्क नमो कोचिंग सेंटर का शुभारंभ
पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय के साथ प्रसिद्ध डॉक्टर विश्वरूप रॉय चौधरी भी रहे मुख्य रूप से मौजूद
आकाश विजयवर्गीय की निःशुल्क कोचिंग पहल देशभर में चर्चा में, X पर नंबर-1 ट्रेंड हुआ हैशटैग
प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कराएंगे बच्चों को तैयारियां
15 करोड़ की लागत से बनाएंगे ई लाइब्रेरी – मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति यदि प्रतिभाशाली है तो उसको तराशने का काम हम करेंगे – मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभावान बच्चों के शैक्षणिक विकास के लिए हम हरसंभव प्रयास करेंगे – आकाश विजयवर्गीय
आपको एक साल तपस्या करना पड़ेगी उस तपस्या का फल आपको जीवनभर मिलेगा – मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
अगला वर्ष युवा वर्ष है और अगले साल ढाई लाख वेकेंसी राज्य सरकार निकालेगी – मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
इंदौर। पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय द्वारा अपनी संस्था देव से महादेव वेलफेयर सोसाइटी के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराने के लिए शुरू की गई पहल अब देशभर में चर्चा का विषय बन गई है।
आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी विद्यार्थियों को सरकारी नौकरियों की परीक्षाओं के लिए कोचिंग उपलब्ध कराने के इस प्रयास को सोशल मीडिया पर व्यापक प्रतिक्रिया मिल रही है। इसी बीच X (पूर्व में ट्विटर) पर #AKVijayvargiyaFreeEducation हैशटैग देशभर में पहले स्थान पर ट्रेंड करने लगा।
नमो कोचिंग सेंटर आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभावान बच्चों के शैक्षणिक विकास में सहायक होगा एवं प्रतियोगी परिक्षाओं में सफलता के नए द्वार खोलेगा। नमो कोचिंग सेंटर में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल में प्रतिष्ठित कोचिंग कौटिल्य एकेडमी के अनुभवी शिक्षकों के द्वारा प्रतियोगी परिक्षाओं की ट्रेनिंग करवाई जाएगी, जो उनके भविष्य को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगी। यह बात नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सोमवार 16 नवंबर को नमो कोचिंग सेंटर का उद्घाटन करतं हुए कही।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि जब मैं महापौर था तो मेने शिक्षा उपकर लगाया था उस समय करीब 3 करोड़ रुपया शिक्षा उपकर से आता था वर्तमान में 10 करोड़ आता है। इसलिए मैं कह सकता हूं कि जिस तरह के स्कूलों में मैं पढ़ा हूं वैसा स्कूल इंदौर में अब एक भी नहीं है। सारे स्कूल बेहतर हो चुके हैं। आप सभी भाग्यशाली हैं कि आपको सरकारी स्कूलों में बेहतर संसाधन मिल रहे हैं। जितने बच्चे इस कोचिंग में अभी आएंगे अगले साल सभी के पास नौकरी का नियुक्ति पत्र होना चाहिए तभी हम हमारी सफलता मानेंगे। हम सुविधा दे सकते हैं, लेकिन पढ़ना आपको है। प्रतियोगिता के इस जमाने में आपको कोचिंग से ज्यादा घर में पढ़ाई करना है। अपने माता-पिता की खुशी के लिए पढ़ाई करें और कुछ बनकर दिखाएं। आपको एक साल तपस्या करना पड़ेगी। उस तपस्या का फल आपको जीवनभर मिलेगा। भगवान को किसी ने नहीं देखा, लेकिन माता-पिता भगवान से कम नहीं है। अगला वर्ष युवा वर्ष है और अगले साल ढाई लाख वेकेंसी राज्य सरकार निकालेगी। आपको बेहतर माहौल में कोचिंग दी जाएगी यदि एसी लगाने की जरूरत पड़ी तो वह भी लगाया जाएगा। आकाश जी ने जो कोचिंग क्लास लगाई है यह शहर के लिए बड़ी सौगात है। जब आप प्रतियोगी परीक्षा में सफल होंगे तो आकाश जी को धन्यवाद देंगे। मेरे पिताजी मिल मजदूर थे इसलिए मैने सरकारी स्कूल में शिक्षा प्राप्त की, लेकिन आकाश ने विदेश में अमेरिका के नामी कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की। आकाश को उसके लिए स्कालरशिप मिली और उसकी मदद से उसने उच्च शिक्षा प्राप्त की। मतलब उसने विदेश में शिक्षा प्राप्त करने के लिए परीक्षा दी और फिर एडमिशन मिला। आकाश की शिक्षा में मेरा पैसा नहीं लगा।
हम यहां स्कूल में जगह की व्यवस्था कर 15 से 20 करोड़ की लागत से ई लायब्रेरी बनाएंगे। इस लाईब्रेरी में बच्चों के 24 घंटे पढ़ाई की व्यवस्था रहेगी। इस कोचिंग क्लास की सफलता के बाद जरूरत पड़ने पर हम दूसरे स्थानों पर भी कोचिंग क्लास खोलेंगे। मैने गरीबी देखी है,हम बड़े भाई लोगों के कपड़े छोटे करवाकर पहनते थे।
मुझे प्रसन्नता है कि आकाश विजयवर्गीय की नि:शुल्क कोचिंग की पहल सोशल मीडिया पर नंबर वन पर ट्रेंड कर रही है। पूरे देश में इस कोचिंग की प्रशंसा हो रही है।
मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा दान का बहुत महत्व है। मैं जानता हूं की गरीबी क्या होती है मेरे पास कोचिंग क्लास के लिए पैसे नहीं थे। उच्च शिक्षा लेने के लिए मैने बहुत मेहनत की, लेकिन जहां पहुंचना चाहते थे वहां नहीं पहुंचे। हमारा लक्ष्य कुछ ओर था आ कहीं और राजनीति में गए। इसलिए आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए यह कोचिंग शुरू की है। बच्चे जब यहां से अधिकारी बनेंगे तो वे गरीबों के दर्द को समझेंगे।
माननीय प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से नमो कोचिंग सेंटर खोला है
इस अवसर पर बोलते हुए पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे लोग रहते हैं जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में प्रतिभावान बच्चे यहां पर रहते हैं। जब हम क्षेत्र में जाते हैं तो अक्सर बच्चे हमसे कहते हैं कि हम प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करना चाहते हैं इसलिए कोचिंग क्लास की फीस माफ करवा दो या कम करवा दो, या आप मदद कर दो। इस तरह बच्चों की रिक्वेस्ट से यह कोचिंग का आईडिया आया। इसलिए माननीय कैलाश विजयवर्गीय जी के नेतृत्व में माननीय प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से नमो कोचिंग सेंटर खोला है। कोचिंग क्लास के लिए हमने कौटिल्य एकेडमी से समझौता किया है। कोचिंग का शैक्षणिक भाग कौटिल्य अकादमी देखेगी, जबकि कोचिंग के लिए आवश्यक संसाधन माननीय मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की ओर से उपलब्ध करवाए जाएंगे। नि:शुल्क कोचिंग का जब हमने प्रचार-प्रसार किया तो हमारे पास चार सौ से ज्यादा आवेदन आए। इन आवेदनों मे से 12वीं क्लास के नंबरों के आधार पर हमने 208 बच्चों को कोचिंग के लिए चयन किया है। हमारी योजना प्रारंभ में सौ बच्चों की थी, लेकिन ज्यादा आवेदन आने पर अब हम दो सौ बच्चों को नि:शुल्क कोचिंग देने जा रहे हैं। कोचिग की शुरुआत आज से हो रही है। 5 से 7 बजे तक कोचिंग क्लास लगाई जाएगी। प्रत्येक विद्यार्थी को 5 हजार रुपये का स्टडी मटेरियल मुफ्त दिया जा रहा है। लोगों को हमारा यह प्रयास काफी पसंद आ रहा है। कोचिंग के लिए स्कूल के 4 कमरों में व्यवस्था की जाएगी। हमें उम्मीद है इन बच्चों में से भविष्य के कमिश्नर और कलेक्टर निकलेंगे। मुझे खुशी है कि लोग इस प्रयास की काफी प्रशंसा कर रहे हैं।
कौटिल्य अकादमी के डायरेक्टर सिद्धात जोशी ने इस अवसर पर अर्जुन और हनुमानजी का उदाहरण देते हुए कहा कि आप अपनी शक्तियों को पहचानों और लक्ष्य पर नजर बनाए रखों इससे आप जल्दी सफलता को प्राप्त कर लोगे। इस अवसर पर बच्चों को नि:शुल्क स्टडी मटेरियल भी सौंपे गए। मंच पर कौटिल्य अकादमी के माध्यम से चयनित हुए जिला शिक्षाअधिकारी शौर्य मलहोत्रा, एसीपी अशोक जाटव ने अपने अनुभव छात्र-छात्राओं को सुनाए।
इन प्रतियोगी परीक्षाओं की मिलेगी तैयारी
निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम के अंतर्गत MPPSC, फूड सेफ्टी ऑफिसर, पटवारी, सब इंस्पेक्टर, पुलिस कांस्टेबल और शिक्षक वर्ग-1, वर्ग-2 एवं वर्ग-3 जैसी परीक्षाओं को शामिल किया गया है। विद्यार्थियों को बिना फीस दिए क्लासरूम में पढ़ाई करने और प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप तैयारी करने का अवसर मिलेगा।





