मुंबई:
सपनों के शहर मुंबई के पवई थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ किन्नर का छद्म रूप धारण कर एक शातिर शख्स ने 25 वर्षीय एअर होस्टेस के घर में घुसकर उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। आरोपी ने खुद को तंत्र-मंत्र और बुरी नज़र उतारने का जानकार बताकर महिला को झांसे में लिया था। हालांकि, वारदात के बाद हरकत में आई पवई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 4 घंटे के भीतर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।पति की बीमारी का फायदा उठाकर दिया चकमा
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता का पति पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहा था और अस्पताल में भर्ती था। इसी बात का फायदा उठाते हुए आरोपी महिला के हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में दाखिल हुआ। उसने सुरक्षा गार्ड को चकमा दिया और सीधे तीसरी मंजिल पर स्थित पीड़िता के फ्लैट का दरवाजा खटखटाया।
पति की बीमारी का फायदा उठाकर दिया चकमा
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता का पति पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहा था और अस्पताल में भर्ती था। इसी बात का फायदा उठाते हुए आरोपी महिला के हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में दाखिल हुआ। उसने सुरक्षा गार्ड को चकमा दिया और सीधे तीसरी मंजिल पर स्थित पीड़िता के फ्लैट का दरवाजा खटखटाया।
उसने महिला को विश्वास में लिया कि उसके घर पर ‘अशुभ साया’ है और वह अपने अनुष्ठान से उसके पति को ठीक कर सकता है। घबराई हुई महिला उसके बहकावे में आ गई और उसे घर के अंदर आने की अनुमति दे दी। घर में प्रवेश करते ही आरोपी ने झाड़-फूंक का नाटक रचा और फिर पीड़िता को डरा-धमकाकर वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से नकदी लेकर फरार हो गया।
पुलिस की मुस्तैदी: 4 घंटे में कलवा से धराया आरोपी
पीड़िता ने तुरंत हिम्मत जुटाकर देर रात पवई पुलिस स्टेशन में आपबीती दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच अधिकारी ने हाउसिंग सोसाइटी और आसपास के रास्तों के 100 से ज्यादा सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले।
फुटेज में आरोपी एक ऑटो-रिक्शा में भागता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी का पीछा किया और ठाणे के कलवा इलाके में छापेमारी कर उसे भोर में ही गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान 28 वर्षीय अनिल शिंदे के रूप में हुई है।
शुरुआती पड़ताल में पता चला है कि आरोपी का परिवार किन्नरों का वेश बनाकर मांगकर जीवन यापन करता है, इसी का फायदा उठाकर उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। मुंबई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं (दुष्कर्म, घर में जबरन घुसने और धमकी देने) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि क्या आरोपी ने पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है।


