( संवाददाता प्रफुल्ल तंवर )
नकद रकम लेने के बाद क्रिप्टोकरेंसी दिए बिना फरार हुए आरोपी, प्रदीप बुक्कड़ और विक्की शर्मा पर FIR दर्ज।
एनटीवी टाइम न्यूज इंदौर/ इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में क्रिप्टोकरेंसी देने के नाम पर व्यापारी से 3 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले व्यापारी को 10 लाख रुपए की USDT (क्रिप्टोकरेंसी) ट्रांसफर कर भरोसा जीता था। इसके बाद 3 लाख रुपए की क्रिप्टोकरेंसी देने का झांसा देकर नकद रुपए ले लिए और बिना क्रिप्टोकरेंसी दिए फरार हो गए। व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने प्रदीप बुक्कड़ और विक्की शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरसल पुलिस को व्यापारी सुनील चौधरी ने शिकायत में बताया कि वह प्रदीप को करीब तीन महीने से जानता है। दोनों की पहचान वॉट्सऐप के जरिए हुई थी। सितंबर 2025 में सुनील ने प्रदीप और विक्की से 10 लाख रुपए की USDT ली थी। क्रिप्टोकरेंसी मिलने के बाद दोनों पर उसका भरोसा पक्का हो गया। 25 सितंबर को दोनों से वॉट्सऐप कॉल पर बातचीत हुई। उन्होंने सुनील से कहा कि वे उसे 3 लाख रुपए की क्रिप्टोकरेंसी दे देंगे। इसके लिए उसे दशहरा मैदान बुलाया गया। सुनील अपने दोस्त अभिषेक के साथ वहां पहुंचा, जहां विक्की मिला।
सुनील ने पुलिस को बताया कि विक्की ने 3 लाख रुपए मांगे, जो उसने नकद दे दिए। इसके बाद विक्की उसे एक्सिस बैंक की ओर ले गया। वहां मशीन में पहले 51 हजार रुपए जमा किए गए। सुनील कार में बैठकर इंतजार करता रहा। इसके बाद विक्की उसे कलानी नगर ले गया। वहां तीन अलग-अलग मशीनों में रुपए जमा करवाए। इसके बाद एक अन्य मशीन पर भी ले गया। रुपए लेने के बाद विक्की ने कहा कि कुछ देर में उसके अकाउंट में 2 लाख 91 हजार रुपए की क्रिप्टोकरेंसी आ जाएगी। सुनील काफी देर तक क्रिप्टोकरेंसी का इंतजार करता रहा, लेकिन विक्की लगातार उसे टालता रहा। बाद में वह बहाना बनाकर वहां से चला गया। इसके बाद सुनील ने प्रदीप और विक्की से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने फोन उठाना बंद कर दिया। बहरहाल पुलिस ने सुनील चौधरी की शिकायत पर प्रदीप बुक्कड़ और विक्की शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों और लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।


