भोपाल से फर्जी पत्रकारिता का ‘महा-नेटवर्क’: दो बहनों ने 3 कॉल सेंटर खोलकर 8 राज्यों के 25 हजार सरपंचों से वसूले 4 करोड़; नागपुर पुलिस ने दबोचा

0
1

भोपाल / नागपुर। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अखबार और न्यूज चैनल की आड़ में चल रहे एक बड़े वसूली और ब्लैकमेलिंग नेटवर्क का महाराष्ट्र की नागपुर क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया है। मामले की मास्टरमाइंड मोनिका सूर्यवंशी और उसकी बहन नेहा सूर्यवंशी भोपाल में तीन फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर रही थीं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मोनिका के बैंक खातों में पिछले तीन साल के दौरान करीब 4 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ है।

8 राज्यों के 25 हजार जनप्रतिनिधि थे निशाने पर
जांच में सामने आया है कि दोनों बहनें भोपाल के हर्षवर्धन नगर, निशातपुरा और एमपी नगर इलाके में तीन अलग-अलग कॉल सेंटर चला रही थीं। इन केंद्रों पर करीब 35 युवतियों को वेतन पर रखा गया था। ये युवतियां महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और हिमाचल प्रदेश सहित 8 राज्यों के करीब 25 हजार सरपंचों और पंचायत सचिवों को फोन करती थीं।

विज्ञापन के नाम पर मांगते थे पैसे, मना करने पर देते थे धमकी
आरोपी खुद को एक अखबार या न्यूज चैनल का प्रतिनिधि बताकर जनप्रतिनिधियों से विज्ञापन और आर्थिक मदद के नाम पर पैसों की मांग करती थीं। जो सरपंच या सचिव पैसे देने से इनकार करते थे, उन्हें उनकी ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं की खबर छापने या प्रसारित करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जाता था।

महाराष्ट्र सीएम से शिकायत के बाद खुली पोल
इस पूरे नेटवर्क का खुलासा तब हुआ जब 8 नवंबर को नागपुर जिले में एक कार्यक्रम के दौरान कुछ महिला सरपंचों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस अवैध वसूली की शिकायत की। सीएम के निर्देश के बाद नागपुर ग्रामीण पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मोबाइल लोकेशन के आधार पर भोपाल में दबिश दी।

4 महिलाएं गिरफ्तार, भारी मात्रा में सामान जब्त
पुलिस ने इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी मोनिका सूर्यवंशी, उसकी बहन नेहा सूर्यवंशी समेत कुल चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान मौके से 54 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 2 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 618 कॉलिंग रजिस्टर और फर्जी अखबार के पंपलेट जब्त किए गए हैं। मामले की गहराई से जांच के लिए एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here