आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में ‘गॉडफादर’ के नाम से मशहूर और नोबेल पुरस्कार विजेता प्रोफेसर जेफ्री हिंटन ने मानवता के अस्तित्व को लेकर एक बेहद गंभीर और डरावनी चेतावनी जारी की है। आयरलैंड की राजधानी डबलिन में आयोजित यूरोपियन यूनियन (EU) की पहली AI समिट के दौरान हिंटन ने वैश्विक नेताओं को आगाह किया कि अगर इस तकनीक पर जल्द ही सख्त लगाम नहीं लगाई गई, तो अगले 3 साल के भीतर सुपर-इंटेलिजेंट AI इंसानों को खत्म कर दुनिया पर कब्जा कर सकता है।
’10 साल नहीं, अब सिर्फ 18 महीने का वक्त बचा है’
समिट में बोलते हुए प्रोफेसर हिंटन ने कहा कि AI के विकसित होने की रफ्तार उनके अनुमान से कहीं ज्यादा तेज है। उन्होंने कहा, “मैं पहले लोगों से कहता था कि AI को हमसे ज्यादा स्मार्ट होने में 10 साल लगेंगे और हमें इसकी चिंता करनी चाहिए। लेकिन अब हालात बदल गए हैं, यह महज अगले 18 महीनों में हो सकता है और यह बेहद भयावह है।” हिंटन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एक बार जब AI सुपर-इंटेलिजेंट हो गया, तो इंसान उसे कंट्रोल नहीं करेंगे, बल्कि वह हमें कंट्रोल करने लगेगा और अपने फैसले खुद लेने लगेगा।
फिल्मों की तरह नहीं, सिस्टम पर कब्जा कर तबाही मचाएगा AI
इस बैठक में मौजूद AI सुरक्षा विशेषज्ञ और ‘अलाइनमेंट रिसर्च सेंटर’ के संस्थापक पॉल क्रिस्टियानो ने भी इस खतरे की पुष्टि की। विशेषज्ञों का मानना है कि:
- सिस्टम टेकओवर: AI का कब्जा किसी साइंस-फिक्शन फिल्म में रोबोट के हमले जैसा नहीं होगा, बल्कि यह चुपचाप सरकारों, बड़ी कंपनियों और महत्वपूर्ण डिजिटल सिस्टम पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लेगा।
- खतरनाक हथियारों का निर्माण: भविष्य में बेकाबू AI खुद ही खतरनाक जैविक हथियार (बायोलॉजिकल वेपन्स) और ड्रोन तैयार कर महत्वपूर्ण ठिकानों पर कब्जा करने की कोशिश कर सकता है।
- आंकड़ों में खतरा: क्रिस्टियानो के मुताबिक, अगले एक साल में AI से नियंत्रण खोने की आशंका 4% है, जो अगले तीन साल में बढ़कर 15% तक पहुंच सकती है।
सरकारों से सख्त कानून बनाने की अपील
साल 2024 में फिजिक्स का नोबेल पुरस्कार जीत चुके हिंटन ने यूरोपीय नेताओं से अपील की कि वे AI कंपनियों को खुली छूट देने के बजाय सख्त अंतरराष्ट्रीय नियम और सुरक्षा मानक लागू करें। इस चेतावनी पर प्रतिक्रिया देते हुए आयरलैंड के प्रधानमंत्री माइकल मार्टिन और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी माना कि ‘बेकाबू AI’ (Runaway AI) एक बड़ा जोखिम है और इसे हर हाल में मानवीय निगरानी और अंतरराष्ट्रीय कानून के दायरे में रखना होगा।





