मयंक तिवारी नेपाल फ्लैश फ्लड
नेपाल-चीन सीमा पर भोटेकोशी नदी में विनाशकारी फ्लैश फ्लड, भारत के पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय की पुत्रवधू लापता
कोलकाता / काठमांडू। नेपाल-चीन सीमा के पास भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद भारत के पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय की पुत्रवधू शर्मिष्ठा भौमिक रॉय (43) नेपाल में लापता हैं।
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के कांचरापाड़ा घटक रोड की रहने वाली शर्मिष्ठा 21 अगस्त को एक ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से अपने मायके वालों के साथ नेपाल यात्रा पर गई थीं। आखिरी बार 25 अगस्त की रात को उनकी अपने पति शुभ्रांशु रॉय से फोन पर बात हुई थी, उसके बाद से उनसे संपर्क नहीं हो पाया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उनके पति और बीजपुर के पूर्व विधायक शुभ्रांशु रॉय पत्नी की तलाश में नेपाल रवाना हो चुके हैं।
नेपाल के विभिन्न हिस्सों में बादल फटने, भू-स्खलन और भोटेकोशी नदी में उफान आने से कई गांव तबाह हो गए हैं, सड़कें टूट गई हैं और टेलीकॉम नेटवर्क पूरी तरह ठप हो गया है। पश्चिम बंगाल सरकार के अनुसार राज्य के 32 से अधिक पर्यटक लापता हैं जो कैलाश-मानसरोवर यात्रा पर गए थे। नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार कुल 644 विदेशी पर्यटकों के लापता होने की जानकारी है और भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार 288 भारतीय नागरिकों से अभी भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। बंगाल सरकार ने कंट्रोल रूम खोला है और प्रशासन लगातार नेपाल प्रशासन के संपर्क में है।


