पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने 500 गरबा पंडालों के आयोजकों को साथ में दिलवाई शपथ
दुर्गा मां की प्रतिमा के सामने केवल भक्तिमय भजनों पर होंगे गरबा
जल संरक्षण के लिए हम संकल्पित, पानी की एक-एक बूंद बचाएंगे
गरबा मंडल में लव जिहाद के खिलाफ बनेगा सुरक्षा कवच, भयमुक्त माहौल में होंगे गरबे – आकाश विजयवर्गीय
इंदौर – सोमवार 12 अक्टूबर को पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने विधानसभा 1 के गरबा मंडलों की एक बड़ी बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में उन्होंने गरबा आयोजन में फिल्मी और फूहड़ गानों के स्थान पर हमारी परंपरा से जुड़े हुए देवी-देवताओं की भावमयी वंदना करने वाले भजनों से गरबा करने, गरबा में भाग लेने वाली बालिकाओं को लव जिहाद के जहर से बचाने और कम बारिश होने की वजह से गरबा मंडलों के माध्यम से जल को बचाने और उसके संचय की शपथ उपस्थित गरबा मंडल के आयोजकों और जनसमुदाय को दिलवाई।



लव जिहाद के जहर से गरबा मंडलों को मिलेगी सुरक्षा
इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि लव जिहाद का मुद्दा बड़ा संवेदनशील है और हम सभी इसके खिलाफ काम करते हैं। गरबा मंडल विशेष रूप से इस बात की चिंता करें की कोई विधर्मी गरबा मंडल में प्रवेश कर उसकी पवित्रता को भंग ना करे और किसी मासूम को लव जिहाद का शिकार ना बनाएं। हमें अपनी बहन-बेटियों और सभी प्रतिभागियों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखना है कि वे कहां से आ रही है कहां पर जा रही हैं। वर्ग विशेष बहुल वार्डों से जुड़े हुए वार्ड के लोग इन बातों को लेकर विशेष सतर्क रहें। लव जिहाद योजनाबद्ध तरीके से कर हमारी बेटियों को इसके जाल में फंसाया जाता है। इसको लेकर विशेष सावधानी बरतें। असामाजिक और अनैतिक गतिविधियों पर नजर रखना है। सभी पार्षद, मंडल अध्यक्ष और वार्ड अध्यक्ष अपने-अपने वार्डों की चिंता करेंगे। हमने गरबा मंडलों की सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए हर वार्ड का एक प्रभारी भी बनाया है। वार्ड प्रभारी को सभी गरबा पंडालों में जाकर बालिकाओं की संख्या लेनी है। इसके लिए एक फार्मेट बनाया गया है। इस फार्म में सभी बालिकाओं की जानकारी भरना है। यह कार्य हमने हमारी बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए किया है।
भक्ति भाव के भजनों से करें देवी आराधना
गरबों में फिल्मी गानों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि गरबा मंडलों में भक्ति भाव के भजनों से गरबा करने पर एक अच्छा संदेश जाएगा और आपके मोहल्लों, कॉलोनियों का माहौल बेहतर होगा भावमयी भजनों पर गरबा करने से आपके बच्चे हमारी संस्कृति की गरीमा को महसूस कर उसको निकट से समझेंगे। हम सनातन संस्कृति के सभी त्यौहार साथ में मनाते हैं और नवरात्रि भी हम साथ में मनाएंगे। कम बारिश और जल संचय पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि इस बार पिछली बार की तुलना में आधी बारिश हुई है और जल संकट की आहट भी सुनाई दे रही है। हमारे कार्यालय पर अभी से पानी के टैंकर के लिए कॉल आने लग गए हैं। हमारे पार्षद औऱ कार्यकर्ता जल संरक्षण और वृक्षारोपण के लिए बहुत कार्य कर रहे हैं। अभी वर्तमान हालात को देखते हुए जरूरत है कि हम कम से कम पानी का उपयोग करें जल की बचत का संदेश इंदौर शहर को गरबा मंडलों के माध्यम से दें।
गरबा मंडलों के लिए आयोजित की गई इस विशेष बैठक में विधानसभा 1 की लगभग 500 छोटी बड़ी गरबा मंडलियों ने भाग लिया था। बैठक में विधानसभा 1 के भाजपा पार्षदों, मंडल अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस साल नवरात्रि के अवसर पर विधानसभा एक में 35 हजार से ज्यादा बालिकाओं के गरबा मंडल में गरबा करने की संभावना है।


