मनीमाजरा में 3 अक्टूबर को श्री गोगा जाहरवीर महाराज का विशाल जागरण
माता राजकौर मोहल्ला निवासियों की ओर से होगा धार्मिक आयोजन, श्रद्धालुओं को परिवार सहित पहुंचने का आह्वान
मनोज शर्मा,चंडीगढ़। श्री गोगा जाहरवीर महाराज की पावन स्मृति एवं आशीर्वाद के लिए मनीमाजरा में आगामी 3 अक्टूबर, शनिवार को विशाल धार्मिक जागरण का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन माता राजकौर मोहल्ले में रहने वाले श्रद्धालुओं की ओर से कराया जा रहा है।
जानकारी देते हुए भारत कुमार सिम्मी ने बताया कि धार्मिक आयोजन ओपन ग्राउंड, कम्युनिटी सेंटर के नजदीक, मनीमाजरा, चंडीगढ़ में आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि आयोजन का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को धार्मिक आस्था से जोड़ना तथा श्री गोगा जाहरवीर महाराज का गुणगान करते हुए सामूहिक रूप से सुख-शांति और समृद्धि की कामना करना है।
जागरण में गायक इकबाल नाथ एंड पार्टी द्वारा श्री गोगा जाहरवीर महाराज की महिमा का गुणगान किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जगतार सिंह, ढीलो तथा विशेष अतिथि रोशन लाल भगत जी, बुढंपुर गद्दी, पंचकूला उपस्थित रहेंगे।
सेवादार हरीश कुमार, लब्बू, गुरबचन ने बताया कि धार्मिक जागरण रात्रि 7 बजे से प्रभु इच्छा तक चलेगा। आयोजन को लेकर माता राजकौर मोहल्ले सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं में उत्साह है। सेवादार मनीष, आशू, सुखबीर सिंह, सेवक राम, मिंटू ने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित पहुंचकर जागरण में शामिल होने और श्री गोगा जाहिरवीर महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया है।


