मंगलौर में स्वास्थ्य विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, कई अस्पतालों के ओटी सील

0
1

मंगलौर में स्वास्थ्य विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, कई अस्पतालों के ओटी सील

*अर्जुन धारीवाल *
मंगलौर। मंगलौर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को निजी अस्पतालों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। एसीएमओ डॉ. रमेश कुँवर के नेतृत्व में पहुंची टीम ने कई निजी अस्पतालों में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में भारी अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई अस्पतालों के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को सील कर दिया।

निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ी लापरवाही यह सामने आई कि जिन डॉक्टरों के नाम अस्पतालों में दर्ज थे, वे मौके पर मौजूद ही नहीं मिले। कई अस्पतालों में तो रजिस्टर में दर्ज डॉक्टर अस्पताल से काफी दूर रहते हैं, लेकिन कागजों में उनकी मौजूदगी दिखाई जा रही थी।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पतालों के रिकॉर्ड, डॉक्टरों की डिग्री, नर्सिंग स्टाफ, दवाओं का स्टॉक, साफ-सफाई और ओटी की व्यवस्थाओं की गहनता से जांच की। जिन अस्पतालों में मानकों का पालन नहीं हो रहा था, वहां तुरंत कार्रवाई की गई।

एसीएमओ डॉ. रमेश कुँवर ने कहा कि अस्पतालों में इस तरह की लापरवाही मरीजों की जान से खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि जो डॉक्टर अस्पताल में मौजूद नहीं हैं, उनके नाम पर अस्पताल चलाना नियमों का सीधा उल्लंघन है। ऐसे अस्पताल संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने अस्पताल संचालकों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए अल्टीमेटम भी दिया है। कहा गया है कि अगर तय समय में मानकों को पूरा नहीं किया गया, तो अस्पताल के खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई होगी, जिसमें लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।

स्वास्थ्य विभाग ने साफ कर दिया है कि अस्पतालों में मानकों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में भी मंगलौर सहित आसपास के क्षेत्रों में इसी तरह औचक निरीक्षण किया जाएगा।

विभाग की इस कार्रवाई से निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया है। वहीं आम लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि इस तरह की जांच से अस्पतालों में लापरवाही पर लगाम लगेगी और मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here