बंद मिले उपस्वास्थ्य केंद्रों एवं नवजात शिशुओं की गृहभेंट में लापरवाही पर स्वास्थ्य विभाग की कार्यवाही*
*डिंडौरी, 04 नवंबर 2026*
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं नियमित संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पाण्डेय एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ममता दीवान ने 3 नवंबर 2026 को विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं का भ्रमण कर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ उपस्वास्थ्य केंद्र बंद पाए जाने तथा निर्धारित स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही सामने आने पर संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान उपस्वास्थ्य केंद्र हर्रा, विकासखंड बजाग बंद पाया गया। इस पर सीएचएम कांति धुर्वे एवं एएनएम पुष्पा धुर्वे/दीपिका मरावी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसी प्रकार उपस्वास्थ्य केंद्र कूड़ा, विकासखंड डिंडौरी बंद पाए जाने पर सीएचओ रोशनी सिंह एवं एएनएम नंदनी परस्ते को नोटिस जारी किया गया है। संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने की स्थिति में संबंधितों के विरुद्ध अवैतनिक की कार्यवाही की जाएगी।
इसी क्रम में उपस्वास्थ्य केंद्र घानाघाट के निरीक्षण के दौरान नवजात शिशुओं की जन्म से 42 दिवस तक गृहभेंट (एचबीएनसी) किए जाने संबंधी अभिलेखों की जांच की गई। जांच में पाया गया कि एएनएम रचना बनाफर एवं सीएचओ आरती संग्राम द्वारा निर्धारित गृहभेंट नहीं की जा रही है। इस लापरवाही पर दोनों कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। जवाब संतोषजनक नहीं होने की स्थिति में संबंधितों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं का नियमित संचालन, स्वास्थ्य सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। कार्य में लापरवाही एवं कर्तव्य निर्वहन में उदासीनता बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
रिपोर्ट लीलाराम साहू डिंडोरी



