ग्वालियर-झांसी हाईवे पर लगाया 2 किलोमीटर लंबा चक्काजाम, मौके पर पहुंचे एसडीओपी
डबरा/ग्वालियर: ग्वालियर-झांसी नेशनल हाईवे (NH-44) पर डबरा क्षेत्र में ट्रक चालकों के भारी गुस्से के कारण करीब 2 किलोमीटर लंबा चक्काजाम लग गया। चालकों का आरोप है कि परिवहन विभाग (RTO) की चेकिंग गाड़ी नियमों का हवाला देकर और चालान का डर दिखाकर उनसे जबरन 500 से 1,000 रुपये की अवैध वसूली कर रही है। हाईवे पर ट्रकों के आड़े-तिरछे खड़े होने से दोनों तरफ वाहनों के पहिए पूरी तरह थम गए और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डबरा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (SDOP) सौरभ कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रक चालकों को समझाने की कोशिश की।
पंजाब और हरियाणा के ट्रकों को रोकने से बढ़ा विवाद
घटना की शुरुआत उस समय हुई, जब हाईवे पर डबरा क्षेत्र में ‘होटल रंगे पंजाब’ के सामने RTO की उड़नदस्ता गाड़ी चेकिंग के लिए खड़ी थी। ट्रक ड्राइवरों के मुताबिक, विशेष रूप से पंजाब और हरियाणा से आ रहे ट्रकों और कंटेनरों को जबरन रोककर कागजात मांगे गए।
चालकों का दावा है कि सारे दस्तावेज सही होने के बावजूद गाड़ी के अधिकारियों और स्टाफ ने चालान काटने की धमकी दी। जब ड्राइवरों ने कारण पूछा, तो कथित तौर पर मामले को रफा-दफा करने के एवज में 500 से 1,000 रुपये प्रति गाड़ी की मांग की जाने लगी।
विरोध देख कैमरा और गाड़ी लेकर भागे आरटीओ कर्मी
आरटीओ अमले की इस रोज-रोज की कथित प्रताड़ना से तंग आकर कुछ ट्रक चालकों ने बीच सड़क पर ही गाड़ी खड़ी कर विरोध जताना शुरू कर दिया। देखते ही देखते पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों के दर्जनों ट्रक ड्राइवर अपनी गाड़ियां खड़ी कर चक्काजाम में शामिल हो गए। जैसे ही ड्राइवरों की भीड़ जुटने लगी और कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाना शुरू किया, आरटीओ की चेकिंग गाड़ी तुरंत मौके से रफूचक्कर हो गई।
पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर, जांच जारी
हाईवे जाम होने की सूचना मिलते ही सबसे पहले डबरा थाना प्रभारी (TI) संजय शर्मा पुलिस बल के साथ पहुंचे। इसके बाद डबरा SDOP सौरभ कुमार ने भी मोर्चा संभाला। ट्रक चालकों ने पुलिस के सामने साफ शब्दों में मांग रखी कि हाईवे पर चलने वाली अवैध वसूली को पूरी तरह बंद किया जाए और भ्रष्टाचार में लिप्त जिम्मेदार आरटीओ अधिकारियों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
प्रशासनिक बयान:
डबरा SDOP सौरभ कुमार ने बताया, “हमें नेशनल हाईवे-44 पर ट्रक चालकों द्वारा चक्काजाम किए जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। आरटीओ की टीम रसीद काटने और जांच के लिए यहां खड़ी होती है, लेकिन ट्रक चालकों ने अवैध रूप से पैसे वसूलने के गंभीर आरोप लगाए हैं। चालकों के आरोपों की निष्पक्षता से जांच कराई जा रही है। हमारी पहली प्राथमिकता हाईवे पर यातायात को बहाल करना और जाम खुलवाना है।”


