शांतरशाह में बाइक मैकेनिक युवक की गोली मारकर हत्या, दो नकाबपोश फरार
अर्जुन धारीवाल
हरिद्वार। शांतरशाह गांव में सोमवार देर शाम मोटर साइकिल रिपेयरिंग की दुकान पर बैठे 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:10 बजे हैप्पी पुत्र राजकुमार, निवासी ग्राम शांतरशाह, बहादराबाद, अपनी मोटर साइकिल रिपेयरिंग की दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान मुंह पर सफेद कपड़ा बांधे दो अज्ञात व्यक्ति दुकान में पहुंचे और युवक पर फायर कर दिया। गोली लगने से हैप्पी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल को उपचार के लिए सूर्य देव अस्पताल, शांतरशाह पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम एवं पंचायतनामा की कार्रवाई के लिए उप जिला चिकित्सालय, रुड़की भेज दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी हरिद्वार अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसएसपी ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पूरे जनपद में सघन चेकिंग के निर्देश दिए हैं। पुलिस द्वारा अज्ञात हमलावरों की तलाश में संभावित स्थानों पर चेकिंग और छानबीन की जा रही है।


