सोशल मीडिया स्टार निधि तिवारी की संदेहास्पद मौत, ‘मिस प्रिटी इंडिया’ के आखिरी पोस्ट ने खड़े किए कई सवाल
डिजिटल डेस्क, सिंगरौली:
ग्लेमर और सोशल मीडिया की दुनिया का एक चमकता सितारा अचानक खामोश हो गया। मध्य प्रदेश के सिंगरौली (मोरवा क्षेत्र) से एक बेहद स्तब्ध करने वाली खबर सामने आ रही है, जहां लोकप्रिय क्रिएटर और ‘मिस प्रिटी इंडिया’ 2024 की विजेता निधि तिवारी का शव उनके कमरे में फंदे से लटकता हुआ मिला। वाराणसी (बनारस) की रहने वाली 30 वर्षीय निधि अपनी शानदार रील्स के लिए जानी जाती थीं, लेकिन इस खौफनाक कदम से पहले उनके आखिरी डिजिटल संदेश ने सबको झकझोर कर रख दिया है।
“खुद से प्यार करो…” – आखिरी पोस्ट का दर्द
तनाव और अकेलेपन की झलक निधि के उस आखिरी सोशल मीडिया स्टेटस से मिलती है, जो उन्होंने इस घटना से ठीक पहले पब्लिश किया था। उन्होंने लिखा था कि इस अधूरे दिल को किसी और ने नहीं बल्कि उन्होंने खुद ही पूरा किया है, इसलिए इंसान को किसी और के बजाय सिर्फ खुद से मोहब्बत करनी चाहिए।
फेसबुक पर 9 लाख से ज्यादा फैंस, फिल्मों में काम करने का था सपना
निधि तिवारी की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके फेसबुक पेज पर 9.28 लाख और इंस्टाग्राम पर 7.12 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में ‘मिस प्रिटी इंडिया’ का टाइटल जीतने के बाद, वह लगातार मॉडलिंग और एक्टिंग प्रोजेक्ट्स में एक्टिव थीं और मुख्यधारा के सिनेमा में ब्रेक पाने की तैयारी कर रही थीं।
फोन कॉल पर तीखी बहस के बाद बंद किया था दरवाजा
शुरुआती पारिवारिक बयानों के अनुसार, शनिवार की रात करीब 8 बजे निधि की दिल्ली के एक युवक (सोनू सिंह) से मोबाइल पर किसी बात को लेकर गंभीर बहस हुई थी। इस बातचीत के बाद वह काफी परेशान हो गईं और खुद को कमरे में आइसोलेट कर लिया। अगली सुबह जब उन्होंने कमरा नहीं खोला, तो परिजनों की सूचना पर पहुंची मोरवा थाना पुलिस ने शव को बरामद किया।
जांच के घेरे में ‘आखिरी कॉल’
मोरवा पुलिस प्रशासन ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर अपनी तफ्तीश तेज कर दी है। पुलिस टीम निधि के मोबाइल के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और चैट हिस्ट्री की बारीकी से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उस आखिरी फोन कॉल में ऐसी क्या बात हुई थी, जिसने उन्हें यह कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।


