पिरान कलियर: नाबालिग को बहलाकर भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार, किशोरी बरामद
अर्जुन धारीवाल
पिरान कलियर। नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पिरान कलियर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है। किशोरी को बाल संरक्षण में भेजा गया है, जबकि आरोपी को पॉक्सो एक्ट में जेल भेज दिया गया है।
29 सितंबर को पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने तहरीर दी थी कि उसकी 17 वर्षीय बेटी को आमखेड़ी, मंगलौर निवासी रुपिन (29) पुत्र चंद्रसिंह बहला-फुसलाकर ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
कैसे पकड़ा गया आरोपी?
प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और मैनुअल पुलिसिंग से सुराग जुटाए। मुखबिर की सूचना पर खेलड़ी तिराहे से आरोपी को हिरासत में लेकर किशोरी को बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने किशोरी को जिला बाल कल्याण अधिकारी के समक्ष पेश कर संरक्षण गृह भेज दिया, वहीं आरोपी पर पॉक्सो की धाराएं बढ़ाकर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
टीम में शामिल रहे – धनौरी चौकी प्रभारी महिपाल सैनी, कांस्टेबल प्रदीप सिंह और पीआरडी महिला ममता।


