टोडा कल्याणपुर में चकबंदी पर संग्राम, 100 परिवारों ने तहसील घेरी
भाकियू (रोड) अध्यक्ष पदम सिंह रोड बोले – किसानों की जमीन से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं, आंदोलन होगा
अर्जुन धारीवाल
रुड़की। तहसील क्षेत्र के ग्राम टोडा कल्याणपुर में चकबंदी के नाम पर जमीनों में फेरबदल और अवैध कब्जे के प्रयासों को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को 100 से अधिक पीड़ित परिवार भारतीय किसान यूनियन (रोड) के बैनर तले रुड़की तहसील स्थित जिला चकबंदी कार्यालय पहुंचे और जमकर हंगामा किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी पुश्तैनी जमीनों की चकबंदी प्रक्रिया में जानबूझकर गड़बड़ी की जा रही है। राजस्व अभिलेखों में हेराफेरी कर उनकी जमीनों की स्थिति बदलने की कोशिश हो रही है, जिससे भविष्य में उन्हें बड़ा नुकसान हो सकता है। ग्रामीणों ने विशेष रूप से ग्राम जलालपुर निवासी यूसुफ नामक व्यक्ति द्वारा चकबंदी प्रक्रिया में दखल देने और साजिश रचने का आरोप लगाया है।
भारतीय किसान यूनियन (रोड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड के नेतृत्व में सैकड़ों किसान जिला बंदोबस्त अधिकारी टीकम सिंह से मिले। पदम सिंह रोड ने दो टूक कहा कि पूर्व में जिस प्रकार चकबंदी हुई है, उसी यथास्थिति को बरकरार रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की एक इंच जमीन पर भी आंच आई तो भाकियू (रोड) बड़ा आंदोलन छेड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों ने मांग की है कि –
- भूमि के सभी राजस्व अभिलेखों की गहनता से जांच हो।
- मौके पर राजस्व टीम द्वारा पैमाइश कराई जाए।
- पूरी चकबंदी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच हो।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला बंदोबस्त अधिकारी टीकम सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि कोई भी अनियमितता, हेराफेरी या नियमों का उल्लंघन मिलता है तो संबंधित दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान संतोष, लीला, विजेंद्र कुमार, सुरेंद्र, अरविंद, तेजपाल, सतपाल, योगेंद्र, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाकियू (रोड) के सतीश कुमार, शिव मोहन सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


