चाइनीज मांझे की बिक्री पर पाबंदी के लिए ग्रामीणों ने जॉइंट मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
अर्जुन धारीवाल
लंढौरा: रुड़की तहसील क्षेत्र में धड़ल्ले से बिक रहे जानलेवा चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक लगाने के लिए ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। स्वराज सेवा दल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जॉइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने जॉइंट मजिस्ट्रेट को एक ज्ञापन सौंपकर चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री पर तुरंत सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
ग्रामीणों में इस बात को लेकर गहरा रोष है कि क्षेत्र में प्रतिबंधित होने के बावजूद चाइनीज मांझा खुलेआम बिक रहा है। गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले ही लंढौरा पुलिस चौकी क्षेत्र के शिकारपुर गांव के निवासी 26 वर्षीय युवक दीपक की चाइनीज मांझे की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद से ही पूरे गांव और पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सुराज सेवा दल के नेताओं और शिकारपुर के प्रधान प्रतिनिधि नौशाद ने कहा कि उनके गांव के एक होनहार युवक की जान इस खूनी मांझे ने ले ली। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते इस अवैध कारोबार पर नकेल नहीं कसी गई, तो कई और परिवार अपने चिराग खो देंगे।
ग्रामीणों ने मांग की है कि रुड़की और आसपास के सभी कस्बों की पतंग दुकानों और गोदामों में तुरंत चेकिंग अभियान चलाया जाए। अवैध रूप से मांझा बेचने वाले दोषी दुकानदारों के खिलाफ सख्त और ठोस कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से प्रधान इंतजार, अलीम प्रधान, फिरोज गौर, दिनेश भारती, खलील प्रधान, सैफ गौर, मुहैत और नितिन कटारिया समेत कई लोग मौजूद रहे।


